राज्यमंत्री ने स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया। बोर्ड पर नाम नहीं देखकर कहा कि सारा कन्फ्यूजन लोगों में इसी के चलते हुआ है। इस पर स्मार्ट सिटी के अफसरों ने सफाई दी कि बोर्ड बाहर से बनवाया है। यह गलती इसी कारण हुई है। बाद में इसे चेक नहीं किया गया।
राज्यमंत्री ने कहा कि आप सभी अफसरों की लापरवाही के कारण स्टेडियम के नाम को लेकर लोगों में कन्फ्यूजन हो गया है। अब इसे जल्दी ठीक कराइए। उन्होंने कहा कि मुख्य गेट समेत स्टेडियम के सभी चारों गेट पर नाम में संशोधन कराइए और उसमें डॉ. संपूर्णानंद का नाम जुड़वाइए।
कांग्रेस का आरोप, भाजपा ने बदला नाम
20 अक्तूबर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद ही स्टेडियम के नाम को लेकर विवाद शुरू हो गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा ने डॉ. संपूर्णानंद स्टेडियम का नाम बदलकर वाराणसी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स कर दिया है। जबकि कमिश्नर कौशल राज शर्मा और राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल सफाई दे रहे थे नाम नहीं बदला गया है। सिर्फ अंदर एक भवन बनाया गया उसका ही नाम नया है।