वाराणसी। दूध उत्पादक किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए बुधवार को दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की ओर से चार रुपये प्रतिलीटर दूध की कीमत में वृद्धि कर दी गई। इसकी मांग किसान लंबे समय से कर रहे थे। बढ़ी कीमतें 11 मार्च से लागू होगी।
संघ के प्रभारी राहुल त्रिपाठी ने बताया कि गर्मी के दिनों में दूध का उत्पादन कम हो जाता है। ऐसे में किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल पाता। किसानों की लंबे समय से मांग थी की दूध की कीमत बढ़ाई जाए। जिनकी मांग को पूरा करते हुए संघ की ओर से दूध कीमत में वृद्धि कर दी गई है। अब इसका फायदा उन दूध उत्पादक किसानों को 11 मार्च से मिलेगा जो समितियों के माध्यम से पराग डेयरी सहित अन्य कंपनियों को अपना दूध बेंचते हैं।
अमूल सहित कई कंपनियों ने 6.5 फैट और 9.0 एसएनएफ (सॉलिड नॉट फैट) की गुणवत्ता के दूध 40 रुपये से बढ़ाकर 43.29 से 43.55 रुपये तक कर दिया है। वहीं पराग ने इस बढ़ी हुई कीमतों का कोई असर अभी फिलहाल नहीं होगा। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) से संचालित पराग के प्रबंध निदेशक सुनील सिन्हा ने बताया कि दूध उत्पादक समितियों से जुडे़ किसानों के हित के लिए प्लांट में आने वाले दूध की कीमत में चार रुपये की बढ़त हुई है। इधर दूध के प्रसंस्करण में अतिरिक्त लागत खर्च के बाद भी खुदरा बाजार में पराग के दूध और इसके उत्पादों में कोई वृद्धि नहीं की गई है।