महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर को संवारने के लिए 23 करोड़ 29 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। विद्यापीठ परिसर को संवारने को लेकर विद्यापीठ के पुनरीक्षित आय-व्यय वर्ष 2023-24 और अनुमानित आय-व्यय वर्ष 2024-25 को अनुमोदित किया गया।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में वित्त समिति की बैठक प्रशासनिक भवन सर्वपल्ली राधाकृष्णन सभागार में हुई। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी की अध्यक्षता में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पुनरीक्षित आय-व्यय वर्ष 2023-24 और अनुमानित आय-व्यय वर्ष 2024-25 को अनुमोदित किया गया।
विज्ञापन
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में दो करोड़ 35 लाख की बचत हुई, वहीं वर्ष 2023-24 में 18 करोड़ 92 लाख और वर्ष 2024-25 में 44 करोड़ 34 लाख रुपयों का घाटा होने की संभावना है। विद्यापीठ परिसर में भवनों के निर्माण तथा अन्य पूंजीगत मदों में वर्ष 2023-24 में 10 करोड़ 95 लाख तथा 2024-25 में 12 करोड़ 34 लाख रुपये का प्रावधान पारित किया गया है।
बैठक में विद्यापीठ की वर्ष 2022-23 की बैलेंस शीट को भी अनुमोदित किया गया। बैठक में अपर निदेशक कोषागार एवं पेंशन गोविंद सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. बृज किशोर त्रिपाठी, आर.पी. सिंह, कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, वित्त अधिकारी संतोष कुमार शर्मा आदि उपस्थित रहे।