पूर्वांचल सराफा, कारीगर संघ और बुलियन एक्शन कमेटी के तत्वावधान में मंगलवार को कटिंग मेमोरियल में हुई महारैली में सराफा व्यवसायियों ने उत्पाद शुल्क के विरोध्ा में हुंकार भरी। रैली में शामिल सैकड़ों सराफा कारोबारी और कारीगरांे ने एक्साइज ड्यूटी वापस लिए जाने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। साथ ही कई लोगों ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने की घोषणा की।
रैली संयोजक लाल जी वर्मा ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2016-17 के बजट सत्र में वित्तमंत्री द्वारा सराफा व्यवसायियों पर उत्पाद कर थोपा गया। इसके विरोध में व्यवसायी अपने कारोबार को बंद कर इसे वापस लेने की मांग कर रहे हैं। आजमगढ़ के सराफा संघ के अध्यक्ष अशोक जी अग्रवाल ने कहा कि अगर यह अच्छे दिन हैं तो व्यवसाइयों का बुरा दिन ही अच्छा था। गोरखपुर से आए शरद चंद्र अग्रहरि ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में मोदी सरकार को यह अहसास होगा कि व्यवसायी भाजपा से विमुख हो चुके हैं।
गाजीपुर के राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने कहा कि हमें धोखा दिया गया। अध्यक्षता करते हुए कारोबारी नेता विनोद सेठ ने प्रधानमंत्री से मांग की कि वह वित्त मंत्री को निर्देशित करें आैर इस काले कानून को वापस कराएं। रैली में मऊ के मनीष सराफ, संजय वर्मा, राजीव सेठ, शिवम, पद्मामकर, संतोष, अनूप, राजेंद्र, बंशीधर, विजय, संघपाल सहित पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में सराफा व्यवसायी और कारीगर पहुंचे थे।