डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता के साथ ही जांच कर रिपोर्ट देने वाले पैथोलॉजी लैब की निगरानी बढ़ा दी गई है। मरीज को डेंगू की गलत रिपोर्ट देने वाले सुंदरपुर स्थित मेडिको पैथोलॉजी सेंटर का पंजीकरण निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही संबंधित चिकित्सक से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
बरसात के साथ ही अस्पतालों में सर्दी, खांसी, बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। इसमें जरूरत के हिसाब से चिकित्सक लोगों को डेंगू की जांच कराने की सलाह दे रहे हैं। शहरी, ग्रामीण इलाकों में इन दिनों निजी अस्पताल में कुछ लोग बुखार की समस्या पर भर्ती हो रहे हैं। यहां अस्पतालों की ओर से डेंगू कराने की सलाह दी जा रही है।
डेंगू वार्ड
- फोटो : अमर उजाला
निजी जांच केंद्रों पर डेंगू जांच कराने लोग पहुंच रहे हैं। यहां से उन्हें पॉजिटिव रिपोर्ट भी मिल रही है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग की ओर से पैथोलॉजी सेंटर की जांच कराई जा रही है। इसमें डेंगू की गलत रिपोर्ट देने के पर पैथोलॉजी सेंटर पर कार्रवाई की गई है। सेंटर ने डेंगू की पुष्टि नहीं होने पर भी मरीज को डेंगू पॉजिटिव की रिपोर्ट थमा दी। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि पैथोलॉजी सेंटर के संचालक डॉ. बालेंद्र सिंह सोढ़ी से स्पष्टीकरण तलब कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है।
इलाज, जांच की निगरानी करेगी अधिकारियों की टीम
डेंगू मरीजों के इलाज, जांच की निगरानी के लिए अधिकारियों की टीम गठित कर दी गई है। पूरे शहर को छह भागों में बांट कर अधिकारियों की तैनाती करने के साथ ही सीएमओ ने निजी अस्पतालों का दौरा करने का निर्देश दिया है। सीएमओ ने बताया कि टीम में डॉ अमित सिंह, डॉ निकुंज कुमार वर्मा, डॉ एके मौर्य, डॉ राजेश प्रसाद, डॉ मनमोहन शंकर व डॉ वाईबी पाठक शामिल हैं। टीम निजी अस्पतालों का दौरा कर वहां भर्ती डेंगू के मरीजों के बारे में पड़ताल कर रही है। उपचार की जांच कर रही है। गड़बड़ी मिलने पर संबंधित निजी अस्पताल, पैथोलॉजी सेंटर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।