नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्तूबर को प्रस्तावित भारतीय वायुसेना के एरियल डिस्प्ले को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लाखों दर्शकों और वीवीआईपी अतिथियों के पहुंचने की संभावना को देख निगम ने अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अफसरों को सौंपी है। बर्ड हिट का खतरा रोकने के लिए कार्यक्रम स्थल से 20 से 30 किलोमीटर की परिधि में 19 से 26 अक्तूबर तक मांस की कटिंग और बिक्री पर रोक रहेगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निगम अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
गंगा पार की सफाई, डस्टबिन लगाने, सड़कों को गड्ढा मुक्त करने, सिल्ट हटाने, मोबाइल टॉयलेट, वाटर टैंकर और साइनेज की निगरानी की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा को दी गई है। गंगा पार के घाटों, चौकाघाट से नमो घाट जाने वाले मार्ग और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के संपर्क मार्गों की व्यवस्था अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता देखेंगे।
संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र सहायक नोडल अधिकारी के रूप में सहयोग करेंगे। पार्किंग और होल्डिंग क्षेत्रों की व्यवस्थाओं के लिए अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह, नमो घाट के मुख्य आयोजन स्थल के लिए वाराणसी स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेन्द्र तिवारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जोनल स्वच्छता अधिकारियों और जलकल विभाग के अभियंताओं को सफाई, वाटर टैंकर और मोबाइल टॉयलेट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पशु कल्याण अधिकारी विजय अमृतराज को 20 से 26 अक्तूबर तक पक्षियों की गतिविधियों को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा शहर और घाटों के आसपास आवारा पशुओं के प्रवेश पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
घाटों पर बैरिकेडिंग, सड़कों की मरम्मत
मुख्य अभियंता (सिविल) सुरेश चंद्र को घाटों से सिल्ट हटाने, सड़कों को गड्ढामुक्त करने और गंगा में गहरे पानी वाले जोखिम वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग के साथ चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिशासी अभियंता (विद्युत/यांत्रिक) आरके लाल को गंगा के दोनों किनारों, संपर्क मार्गों, पार्किंग स्थलों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास पर्याप्त प्रकाश, सीसीटीवी और पीए सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।