माध्यमिक विद्यालय की तीन दिवसीय गंगा महोत्सव के दूसरे दिन भी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देखने को मिली। सीएम ऐंग्लो बंगाली कॉलेज के छात्रों ने मयूरी नृत्य की प्रस्तुति और कमलाकर चौबे आदर्श इंटर कॉलेज के छात्र अनिल साहू ने शिव स्तुति की प्रस्तुति पर दर्शकों की तालियां बटोरी। गुरुवार को अंतिम दिन विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
दूसरे दिन की प्रतियोगिता का उद्घाटन राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश यादव ने किया। इसके बाद सीएम ऐंग्लो बंगाली कालेज के पूर्व छात्र करन मल्होत्रा ने विशेष नृत्य की प्रस्तुति कर प्रतिभागियों के मनोबल को बढ़ाया। बंगाली टोला इंटर कालेज के छात्र अंशु शर्मा ने कथक, एकल नृत्य में कमलाकर चौबे आदर्श इंटर कालेज के छात्र अनिल साहू ने शिव स्तुति की प्रस्तुति की। सीएम ऐंग्लो बंगाली के छात्र अमरनाथ झा ने शिव वन्दना पर कथक की प्रस्तुति कर्पूर गौरम् करुणावतारम्...प्रस्तुत किया तो पूरा सांस्कृतिक संकुल का सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मालवीय शिक्षा निकेतन इंटर कालेज की छात्राओं ने गणेश वंदना और सनातन धर्म इंटर कालेज के छात्रों ने त्रिलोक विजयी रावण के चरित्र चित्रण का भाव नृत्य की प्रस्तुति की। आर्य महिला इंटर कालेज की छात्राओं ने म्यारी चूड़िया खनक जायो.... गाने पर राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत किया। महोत्सव के नोडल अधिकारी डॉ. विश्वनाथ दूबे ने बताया कि गुरुवार को सुबह नौ बजे से समापन समारोह होगा।