नगर निगम में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन के बाद वाराणसी सहित प्रदेशभर के नवनिर्वाचित मेयर मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने जाएंगे। महापौर मृदुला जायसवाल आज सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।
पीएम से मुलाकात के दौरान प्रदेश के 14 नगर निगमों के नवनिर्वाचित मेयर के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।
सभी मेयर आज दिल्ली पहुंच गए। वहीं रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित बैठक में मृदुला जायसवाल अस्वस्थता के चलते शामिल नहीं हो पायीं थी। इस बैठक में निकाय चुनाव की हार-जीत की समीक्षा की गई। साथ ही जिम्मेदारों को इसकी रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया।
सहकारिता चुनाव की तैयारी का निर्देश
नरेंद्र मोदी
इसके अलावा दिसंबर में होने वाले सहकारिता के चुनाव की तैयारी में जुटने का निर्देश दिया गया। इसके लिए प्रदेश कमेटी की ओर से काशी क्षेत्र में छह लोगों को जिम्मेदारी दी गई है।
इसमें भाजपा के प्रदेश महामंत्री विद्यासागर, रामनरेश रावत, प्रकाश शर्मा, शंकर गिरी, मंजू दिलेर और सुभाष यदुवंशी को जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश में वाराणसी सहित 38 जगहों पर चुनाव होना है। 30 दिसंबर को मतदान कराने की तैयारी है।
काशी क्षेत्र के प्रभारी शंकर गिरी ने बताया कि इस संबंध में छह दिसंबर को काशी क्षेत्र की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा भी शिरकत करेंगे।
नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों के शपथ ग्रहण के लिए नगर निगम को शासन के निर्देश का इंतजार है। नगर आयुक्त डॉ. नितिन बंसल का कहना है कि शासन से निर्देश मिलने और महापौर की ओर से तारीख तय करके अवगत कराने के बाद शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी ली जाएगी।
काशी के विकास पर भी होगी चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व महापौर मृदुला जायसवाल
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात के लिए भाजपा की महापौर मृदुला जायसवाल सोमवार को दिल्ली पहुंच गई। पार्टी सूत्रों की मानें तो पीएम बनारस के सांसद हैं। उनकी देखरेख में यहां के विकास कार्यों को गति मिली है।
इस गति को कायम रखने में महापौर भी अपनी भूमिका निभाएंगी। मुलाकात के दौरान बनारस के विकास पर भी चर्चा होगी। स्मार्ट सिटी, प्रसाद योजना, आईपीडीएस, पावन पथ सहित कई योजनाओं के बारे में पीएम दिशा निर्देश देंगे।
इसके अलावा यहां के आगे की विकास से जुड़ी रूपरेखा तैयार की जाएगी। सपा सरकार में भाजपा के मेयर के प्रस्तावों को पेंडिंग में डाला जाता था। अब उन कार्यों को गति मिलेगी। वार्ड से लेकर केंद्र तक भाजपा की सरकार है। जनता की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने का संकल्प पार्टी ने लिया है।