पहले नोटबंदी और अब समाजवादी पार्टी में अंतर्कलह के बाद तेजी से बदलते राजनीतिक परिदृश्य पर नफा-नुकसान का आकलन करते हुए बहुजन समाज पार्टी अब चुनावी तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। खासकर पूर्वांचल की 61 सीटों पर पार्टी मुखिया की खास नजर है।
यहां प्रचार अभियान को धार देने के लिए पार्टी मुखिया मायावती तूफानी दौरा करेंगी। चुनावी जनसभाओं की शुरुआत 28 फरवरी को मऊ और गाजीपुर से होगी। वाराणसी में बसपा मुखिया की चुनावी रैली चार मार्च को होगी।
अब तक मऊ, गाजीपुर और वाराणसी समेत पांच जिलों में मायावती की जनसभा के कार्यक्रम निर्धारित किए जा चुके हैं। जल्द ही बाकी जिलों में भी पार्टी मुखिया की चुनावी रैलियों की तारीखें घोषित की जाएंगी।
गुरुवार को अशोक विहार कॉलोनी पहड़िया में वाराणसी, इलाहाबाद और मिर्जापुर मंडल के जोनल कोआर्डिनेटर सांसद मुनकाद अली की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी मुखिया के चुनावी कार्यक्रमों का एलान हुआ। बसपा मुखिया 28 फरवरी को 10 बजे मऊ और 12 बजे गाजीपुर में जनसभा को संबोधित करेंगी।
दो मार्च को चंदौली, तीन मार्च को जौनपुर और चार मार्च को वाराणसी में चुनावी सभा करेंगी। वाराणसी समेत पूर्वांचल के अधिकतर जिलों में आखिरी चरण में आठ मार्च को मतदान होना है। रैली के लिए जगह का चयन करने के साथ ही पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं।
कार्यकर्ताओं को जोनल कोआर्डिनेटर ने दिए टिप्स
मायावती
- फोटो : SELF
चुनाव के साथ ही 15 जनवरी को पार्टी मुखिया मायावती के जन्मदिन की तैयारियों में बसपाजन जुटे हैं। गुरुवार को जोनल कोआर्डिनेटर मुनकाद अली ने वाराणसी, इलाहाबाद और मिर्जापुर मंडल के घोषित प्र्रत्याशियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से कहा कि आचार संहिता के दायरे में रहकर काम करें।
किसी भी तरह के विवाद की स्थिति से बचें। बिना अनुमति के गाना-बजाना या कोई कार्यक्रम न करें। बिना अनुमति के कोई भी हथियार लेकर नहीं चलेगा। जाति-धर्म का नाम चुनाव प्रचार के दौरान नहीं लिया जाएगा।
बताया कि 15 जनवरी को सभी विधानसभा क्षेत्रों में केक काटकर पार्टी मुखिया का जन्मदिन मनाया जाएगा। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में मंडल अध्यक्ष मेराज फारुकी जुग्गन और वरिष्ठ नेता मोहन राजभर इस कार्यक्रम के मुख्यअतिथि होंगे।
इस मौके पर राजकुमार गौतम, रमाशंकर राजभर, लक्ष्मीकांत गौतम, दीपचंद चौधरी, मुंशी राम सुमन, सुरेश राव और अबू बाकर मौजूद रहे।