मॉरिशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ बुधवार को 17 सदस्यीय टीम के साथ तीन दिवसीय यात्रा पर वाराणसी पहुंचे। एयरपोर्ट से लेकर शहर की सड़कों और होटल तक उनका भव्य स्वागत किया गया। देर शाम वे नदेसर स्थित तारांकित होटल पहुंचे।
मॉरिशस के पीएम का विमान शाम 6.10 बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचा। यहां कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, महापौर मृदुला जायसवाल, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, आईजी के सत्यनारायणा सहित अन्य अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट पर उनके स्वागत अभिनंदन में लोक कलाकारों ने नृत्य से समां बांधा तो स्कूली बच्चे भी उनके स्वागत में खड़े रहे।
काशी के डमरू दल ने परंपरागत तरीके से डमरू बजाकर स्वागत किया। यहां बता दें कि बृहस्पतिवार को मॉरिशस के पीएम अपने पिता व पूर्व प्रधानमंत्री अनिरूद्ध जगन्नाथ की अस्थियों को गंगा में विसर्जित करेंगे। इसके बाद शाम को काशी विश्वनाथ धाम में भ्रमण कर महादेव का अभिषेक करेंगे। शुक्रवार को वे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक करेंगे। शुक्रवार को दोपहर में ही वे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।