मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना खुरहट रेलवे ट्रैक पर उतरेजपुर और जैंगवा गांव स्थित रेलवे क्रासिंग 11 सी और 12 सी बंद करने के विरोध में मंगलवार को महिलाओं और पुरुषों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गोदान एक्सप्रेस 30 मिनट और आनंद विहार एक्सप्रेस ट्रेन पांच मिनट तक रोक दी।
इस मामले में रेलवे पुलिस ने 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। जाम के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि क्रासिंग से रोजाना हजारों लोगों का आवागमन होता है।
ग्रामीणों ने समपार 12सी को चालू करने के साथ रेलवे के दक्षिणी किनारे से क्रासिंग 11 सी से 12 सी होते हुए मुहम्मदाबाद के 13 सी तक वैकल्पिक मार्ग बनाने की मांग की।
जानकारी होने पर एसडीएम एसएन मिश्रा और सीओ अनिल कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। एसडीएम ने 15 दिनों में समस्या समाधान का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
आरपीएफ के इंस्पेक्टर डीके राय ने रेल सेवा बाधित करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में 300 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।