शिक्षकों की गलत तरीके से नियुक्ति और तबादले का भी आरोप
मऊ में शिक्षकों की अनियमित ढंग से नियुक्ति और तबादला तथा वित्तीय अनियमितता के मामले में शासन ने मंगलवार शाम बीएसए राकेश कुमार को निलंबित कर दिया। निलंबित बीएसए ने नगर शिक्षा अधिकारी अशोक गौतम को कार्यभार सौंप दिया।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर शिक्षक एसोसिएशन के नेतृत्व में शिक्षकों ने बीएसए पर शिक्षकों की गलत तरीके से नियुक्ति, स्थानांतरण और वित्तीय अनियमितता करने का आरोप लगाते हुए कई बार धरना-प्रदर्शन किया था। शासन में शिकायत करने के अलावा जनपद के प्रभारी मंत्री और विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया था।
मामले को जन सुनवाई पोर्टल पर दर्ज करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय के विशेष सचिव नीतीश कुमार ने आठ जनवरी को अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा से इस मामले में रिपोर्ट मांगी थी। इस पर अपर मुख्य सचिव ने 12 जनवरी को जिला विकास अधिकारी से आख्या मांगी थी।
शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए शासन ने मंगलवार शाम को बीएसए राकेश कुमार को निलंबित कर दिया। डीएम ने कहा कि निलंबित बीएसए राकेश कुमार, नगर शिक्षा अधिकारी अशोक गौतम को चार्ज देकर चले गए। मैंने विभाग से फाइल मंगाई है। जो वरिष्ठ और योग्यता में श्रेष्ठ होगा, उसे नए बीएसए के आने तक प्रभार सौंपा जाएगा।