शहीद बृजेंद्र के पिता ने मुख्यमंत्री को भेजा न्योता
- फोटो : अमर उजाला
शहीद बृजेन्द्र बहादुर सिंह के पिता ने 28 सितंबर को होने वाली तेरही के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को न्योता भेजा है। उन्होंने कहा है कि अगर सीएम नहीं आएंगे तो तेरही का कार्यक्रम स्थगित कर दिया जाएगा।
बलिया जिले के विद्याभवन नारायनपुर गांव निवासी बीएसएफ जवान बृजेन्द्र बहादुर सिंह 14 सितंबर की रात जम्मू के अरनिया सेक्टर में शहीद हो गए थे। शहीद के पिता अशोक कुमार सिंह सोमवार को अपना दर्द छिपा नहीं सके।
उन्होंने कहा कि इकलौते पुत्र के न रहने से वही हाल है जैसे किसी गाड़ी से इंजन को निकाल दिया जाए। यह दुख तो मेरे मरने के साथ ही जाएगा, वहीं गर्व से सीना चौड़ा भी है। मेरे बेटे ने वतन की रक्षा करते हुए अपनी जान न्योछावर कर दी।
उसकी शहादत पर पूरे क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे देश को गर्व है, अगर सरकार को अपने वीर सपूत की शहादत पर गर्व है तो तेरही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आना ही होगा। यह मेरा प्रण है, यदि मुख्यमंत्री मेरे शहीद बेटे की तेरही में नहीं आते हैं तो तेरही स्थगित कर दूंगा।
बता दे कि शहीद बृजेन्द्र बहादुर सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ किया गया था। इसमें प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी और सांसद के अलावा कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए थे।
अंतिम यात्रा के दौरान हजारों की भीड़ ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी भी की थी। हर जुबां पर शहीद को लेकर पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा था। परिजनों ने शहीद को लेकर दुख के साथ ही भारत मां की रक्षा के लिए बृजेन्द्र बहादुर की कुर्बानी पर गर्व भी जताया था। शहीद बृजेन्द्र मां-बाप की एकमात्र पुत्र था।