उत्तरी सिक्किम में शहीद कैप्टन श्रेयांश कश्यप का रविवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार हुआ। सेना के अधिकारियों और जवानों ने सलामी और गार्ड ऑफ ऑनर देकर कैप्टन को अंतिम विदाई दी। ग्रामीणों ने वंदेमातरम गीत गाकर कैप्टन को नम आंखों से रुखसत किया। शहीद कैप्टन श्रेयांस कश्यप के पिता शिव गोविंद सिंह मूल रूप से वाराणसी में बीएचयू के पास टिकरी गांव के रहने वाले हैं।
अभी उनका परिवार मेरठ के मटौर स्थित पावर ग्रिड कारपोरेशन कॉलोनी में रहता है। उत्तरी सिक्किम में आउटपोस्ट को ठीक करने के दौरान कैप्टन श्रेयांश तबियत बिगड़ने से शहीद हो गए। 15 हज़ार फ़ीट की ऊंचाई पर तैनात श्रेयांश के शौर्य और वीरता को प्रदेश सरकार ने नमन किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। वहीं, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक सड़क का नामकरण श्रेयांश कश्यप के नाम पर करने की घोषणा की है।