तेंदुईपुर गांव निवासी धर्मराज चौहान की बेटी रवि कुमारी (35) की शादी बर्थरा गांव निवासी विकास चौहान से हुई थी। दोनों के दो पुत्र सात वर्षीय कार्तिकेय और चार वर्षीय विनायक हैं। तेंदुईपुर गांव के प्रधान विजय चौहान के घर शादी समारोह का आयोजन चल रहा था।
रवि कुमारी शादी समारोह कार्यक्रम में अपने ससुराल से मायका आई हुई थी। बृहस्पतिवार दोपहर वह अपने भाई साजन चौहान के साथ बाइक से सकलडीहा मार्केट कपड़ा खरीदने गई थी। वापस लौटते समय अलीनगर की ओर से गिट्टी लदे ट्रक ने बाइक के हैंडिल में धक्का मार दिया।
इससे बाइक पर पीछे बैठी महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक से गिरकर ट्रक के पहिये के नीचे चली गई जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर थाने ले आई। घटना से आक्रोशित लोगों व महिलाओं ने सकलडीहा-अलीनगर तिराहे पर एक से तीन बजे तक चक्का जाम कर दिया।
रवि कुमारी की फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद
सूचना पर पहुंचे एसडीएम और सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने परिजनों को पांच लाख का मुआवजा सहित बच्चों को समाज कल्याण की ओर से पढ़ने के लिए सहयोग दिलाने का आश्वासन देकर चक्का जाम समाप्त कराया। इस मौके पर नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद, लेखपाल राजेश पासवान, थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद, धीना एसओ दिलीप श्रीवास्तव, बलुआ एसओ अरूण सिंह, धानापुर एसओ सहित अन्य थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। इस संबंध में सीओ ने बताया कि दुर्घटना करने वाले ट्रक को थाने भेजवा दिया गया है। ट्रक के फरार चालक की तलाश की जा रही है।
तिराहे पर सुरक्षा के नहीं है इंतजाम
हाइवे सड़क निर्माण के दौरान कार्यदायी संस्था की ओर से सकलडीहा-अलीनगर तिराहे पर चौड़ीकरण कार्य आधा-अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे आए दिन जाम लगता है और दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। सुरक्षा को लेकर तिराहे पर पुलिस बूथ और ब्रेकर भी नहीं बनाया गया है। इससे लोग जान हथेली पर रखकर यात्रा करने को विवश हैं।
फफक-फफककर रो रहा था भाई
धर्मराज की बेटी रवि कुमारी पढ़ी-लिखी होने के साथ मृदुभाषी और सरल स्वभाव की थी। उसका एक भाई सीआरपीएफ और दूसरा भाई पुलिस में है। एक अन्य भाई सकलडीहा तहसील में अधिवक्ता है। छोटा भाई साजन अपनी बहन को लेकर कपड़ा दिलाने गया था। बहन की दर्दनाक मौत के बाद वह फफक-फफककर रो रहा था। बार-बार कह रहा था भगवान बहन की जगह मुझे मौत दे देते। मैं कैसे बहन के बच्चों को मुंह दिखाऊंगा।