यूपी के चुनाव कुछ दिन बाद अपनी चरम सीमा पर होंगे लेकिन उससे ठीक पहले निर्वाचन आयोग ने एक बड़ा फेरबदल किया है।
आयोग ने शुक्रवार को पूर्वांचल के कई अधिकारियों का अचानक से तबादला करने का आदेश जारी किया है।
जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है उनमें आईजी जोन वाराणसी,डीआईजी आजमगढ़,डीएम सोनभद्र और एसपी गाजीपुर का नाम शामिल है। इसके तहत आईजी जोन वाराणसी रहे एसके भगत को निर्वाचन आयोग ने हटा दिया है। नए आईजी जोन के तौर पर 1994 बैच के आईपीएस असीम कुमार अरुण को तैनात किया गया है।
निर्वाचन आयोग की जारी विज्ञप्ति के अनुसार डीआईजी रेंज आजमगढ़ धर्मवीर की जगह उदय शंकर जायसवाल को और एसपी गाजीपुर अरविंद सेन की जगह सुभाष चंद्र दूबे को तैनात किया गया है।
जिलाधिकारी सोनभद्र चंद्रभूषण सिंह की जगह प्रमोद कुमार उपाध्याय को तैनात किया गया है। हटाए गए अधिकारियों को फिलहाल नई तैनाती नहीं दी गई है।
वहीं, निर्वाचन आयोग की कार्रवाई से पूर्वांचल के 10 जिलों के पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों में खलबली मच गई है। बता दें कि डीआईजी रेंज और फिर आईजी जोन के तौर पर एसके भगत ढाई साल से ज्यादा समय से वाराणसी में तैनात थे।
वहीं, एसपी गाजीपुर रहे अरविंद सेन के भाई आनंद सेन यादव फैजाबाद जिले की बीकापुर विधानसभा सीट से विधायक हैं और इस बार भी प्रत्याशी हैं।