बारिश के बाद वाराणसी शहर की अधिकतर सड़कें खराब हो चुकी हैं। ज्यादातर सड़कों पर गड्ढे बन गए हैं, गिट्टियां उखड़ गई हैं। लोगों का चलना दुश्वार है मगर लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार मौन हैं। यह हाल तब है, जब प्रमुख पर्व नवरात्र, दुर्गापूजा और दशहरा आने वाले हैं। वरुणापार इलाके में पांडेयपुर चौराहे से लेकर आजमगढ़ मार्ग हो या फिर पांडेयपुर चौराहे से आशापुर मार्ग की सर्विस लेन, सब खराब है। लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं।
पांडेयपुर से आजमगढ़ मार्ग गड्ढों में तब्दील
पिछले दिनों हुई बारिश के बाद पांडेयपुर चौराहे से लेकर आजमगढ़ मार्ग बदहाल है। लगभग एक साल से सड़क खराब है। बीच में लोक निर्माण विभाग ने गिट्टी और मिट्टी डालकर गड्ढों को भरा था, मगर बारिश में भारी वाहनों के दबाव के चलते फिर सड़क खराब हो गई है। चौराहे से लेकर लालपुर तक सड़क पर धूल उड़ रही है। लोग जैसे-तैसे आवागमन कर रहे हैं। इससे क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है।
सर्विस रोड पर गड्ढे ही गड्ढे
पांडेयपुर चौराहे से फ्लाईओवर के नीचे दोनों ओर की सर्विस रोड पर गड्ढे ही गड्ढे ही है। सर्विस रोड करीब एक साल से खराब है लेकिन लोक निर्माण विभाग की नजर इस पर नहीं है। हाल यह है कि सड़क का पता नहीं है। उखड़ी गिट्टियों और गड्ढों के बीच किसी तरह लोग आ जा रहे हैं। फ्लाईओवर के नीचे पांडेयुपर पुलिस चौकी के ठीक सामने करीब दो महीने पहले सीवेज लाइन ठीक करने के लिए गड्ढा खोदा गया था। इसके बाद उसे गिट्टी डालकर भर दिया गया लेकिन सड़क अब तक नहीं बनी है।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने कहा कि शहर में गड्ढा मुक्ति अभियान की शुरुआत हो गई है और दीपावली से पहले सभी सड़कें चकाचक हो जाएंगी। लोक निर्माण सहित अन्य विभागों के कामों की निगरानी कराई जा रही है। इसमें लापरवाही सामने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बोले पार्षद, नहीं सुन रहे अधिकारी
पांडेयपुर चौराहे से लेकर आजमगढ़ मार्ग पर लालपुर तक की सड़क काफी दिनों से खराब है। कई बार पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई गई लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। -अशोक कुमार मौर्या, पार्षद, पांडेयपुर
सड़क निर्माण के लिए शासन से धन जारी किया जाता है लेकिन स्थानीय स्तर पर अधिकारियों की लापरवाही से सड़क मरम्मत का काम नहीं हो रहा है। फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड की हालत महीनों से खराब है। नई बस्ती मार्ग पर भी चलना मुश्किल है। -जय सोनकर, पार्षद नई बस्ती