वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का काम
- फोटो : amar ujala
तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा बनारस के विकास का पहिया बजट के अभाव में इस महीने थोड़ा धीमा हो गया है। बजट के अभाव में अगस्त में पूरी होने वाली कई परियोजनाएं पिछड़ गई हैं। हालांकि बजट जारी कराने की कवायद के बाद अब परियोजनाओं को भी पूरा करने के प्रयास तेज हो गए हैं। अगस्त की समाप्ति के साथ ही अब कार्यदायी संस्थाएं पूरी होने वाली परियोजनाओं को अंतिम रूप देने में जुट गई हैं।
विकास परियोजनाओं के जरिए वाराणसी में सुविधाओं को विकसित करने का क्रम जारी है। पर्यटकों के लिए खास तैयार किए जा रहे गोदौलिया से दशाश्वमेध के बीच बन रहे गौरव पथ के भी पिछड़ने की संभावना है। वहीं पिछले दो साल में कई परियोजनाएं अब लोकार्पण के लिए तैयार होने लगी है।
अगस्त महीने में एक हजार करोड़ रुपये की एक दर्जन परियोजनाएं पूरी होने वाली हैं। उधर, सितंबर के लक्ष्य के लिए भी अब तैयारी शुरू कर दी गई है। अगस्त में सबसे बड़ी परियोजना गोरखपुर से वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का काम पूरा होगा। इससे गोरखपुर तक सफर आसान हो जाएगा। इसके अलावा पार्किंग से निजात दिलाने वाली परियोजना सर्किट हाउस के बगल में बन रहे अंडरग्राउंड पार्किंग का काम सितंबर तक पूरा होने की उम्मीद है।
मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कहा कि अगस्त महीने में पूरी होने वाली परियोजनाओं की समीक्षा सितंबर के पहले सप्ताह में की जाएगी। ज्यादातर परियोजनाएं समय पर पूरी हो रही हैं। बजट का अभाव किसी भी परियोजना में नहीं है।
ये हैं पिछड़ी परियोजनाएं
- सर्किट हाउस के बगल स्थित अंडरग्राउंड पार्किंग
- गोदौलिया से दशाश्वमेध तक बनने वाला पावन पथ
- भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण
अगस्त में पूरी होने वाली परियोजनाएं
- राष्ट्रीय राजमार्ग 29- वाराणसी से गोरखपुर तक चौड़ीकरण
- बीएचयू के जोधपुर कालोनी में 160 फ्लैट का निर्माण
- आईआईटी बीएचयू में राजपूताना ग्राउंड में स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर
- संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में सुविधाओं के काम
- 10 एमएलडी क्षमता का रामनगर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट
- दशाश्वमेध, शीतला, मुंशी, दरभंगा, अहिल्याबाई घाट का पुनरुद्धार
- नदेसर तालाब का विकास और सौंदर्यीकरण
- पद्मभूषण गिरिजा देवी संकुल में सभागार का पुनरुद्धार
- कैथी स्थित गंगा गोमती तट पर पर्यटन विकास के काम
- लालबहादुर शास्त्री हवाई अड्डे पर एटीएस टावर का निर्माण
एक नजर में विकास के आंकड़े
- जुलाई 2021 में 1424 करोड़ की 14 परियोजनाएं पूरी हुई थीं
- अगस्त से दिसंबर तक 3879 करोड़ रुपये की 62 परियोजनाएं होंगी पूरी
- अगस्त महीने में एक हजार करोड़ रुपये की एक दर्जन परियोजनाएं पूरी होने की उम्मीद