विरोध प्रदर्शन की सूचना पर चौकन्ना हुई पुलिस, देर रात कई नेताओं को किया हाउस अरेस्ट
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। युवा उद्यमी मनीष सिंह हत्याकांड मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से क्षुब्ध पत्नी अंकिता सिंह समेत परिजनों के विरोध-प्रदर्शन की सूचना पर कमिश्नरेट पुलिस शुक्रवार को सतर्क रही। करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष, यूपी कॉलेज के छात्र नेताओं को देर रात उनके घरों में हाउस अरेस्ट किया गया। बृहस्पतिवार देर रात से ही पुलिस ने नजरबंद किया। सुबह अंकिता सिंह समेत परिजनों ने पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से मुलाकात की। पुलिस आयुक्त ने पीड़ित परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले में अधिक से अधिक आरोपी जेल में हैं। अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारियां जल्द होंगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। रासुका तक की कार्रवाई होगी।
फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर निवासी युवा उद्यमी मनीष सिंह की मॉब लीचिंग में हुई हत्या के एक महीने बाद भी आरोपी वांछित हैं। गिरफ्तारी को लेकर मनीष की पत्नी अंकिता ने जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को धरना प्रदर्शन का ऐलान किया था। क्षत्रिय संगठनों ने धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का भी आह्वान किया। यूपी कॉलेज के छात्र नेता समीर सिंह विशाल के बभनियाव राजातालाब में मकान पर पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया। कैंट पुलिस ने सर्किट हाउस के पास तगड़ा सुरक्षा घेरा बनाया। कुछ लोग पहुंचे तो उन्हें तत्काल हटाया गया। एक जगह लोगों को इकट्ठा नहीं होने दिया गया।