वहीं, मणिकर्णिका घाट पर 18 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक शवदाह गृह बनाया जा रहा है। यहां 38 शवदाह प्लेटफॉर्म और छह चिमनियां बनाई जाएंगी। अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी और अन्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अलग से वुड प्लाजा विकसित किया जा रहा है। छत पर वीआईपी बैठने की व्यवस्था होगी। घाट तक सुगम आवागमन के लिए रैंप, बेहतर बैठने की सुविधा और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी सर्विलांस की व्यवस्था की जाएगी। शवों के पंजीकरण के लिए डिजिटल और कंप्यूटरीकृत व्यवस्था भी होगी।
बाढ़ से बचाने के लिए सड़क से 1.8 मीटर ऊंचा बनाया जा रहा शवदाह स्थल
बाढ़ के दौरान भी शवदाह गृह सुरक्षित रहे और वहां कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए निर्माण स्थल को मुख्य सड़क के स्तर से 1.8 मीटर ऊंचा बनाया जा रहा है। यहां अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पंजीकरण कक्ष, प्रतीक्षा क्षेत्र, चेंजिंग रूम, शौचालय, रैंप और लकड़ी के गोदाम की व्यवस्था होगी। गंगा से जुड़ाव के लिए बेहतर पैदल मार्ग और प्रकाश व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।
काशी के हरिश्चंद्र घाट पर बन रहे शवदाह गृह का काम दिसंबर और मणिकर्णिका घाट के शवदाह गृह का काम मार्च में पूरा होगा। इनके बनने से यहां अंतिम संस्कार के लिए आने वाले शवयात्रियों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। -सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी