बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती और रुद्राभिषेक के टिकटों की बिक्री अब ऑनलाइन की जाएगी।
ढुंढिराज प्वाइंट पर नए काउंटर के खुलने के साथ ही जल्द ही मंदिर के तीन काउंटरों पर ऑनलाइन टिकट मिलने लगेंगे। मंदिर की वेबसाइट ह्यद्धह्म्द्बद्मड्डह्यद्धद्ब1द्बह्यद्ध2ड्डठ्ठड्डह्लद्ध.शह्म्द्द पर श्रद्धालु यह सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।
इससे भक्तों को घर बैठे टिकट प्राप्त होने के साथ ही शुल्क सीधे मंदिर प्रशासन के खाते में चला जाएगा। छत्ताद्वार के काउंटर की जिम्मेदारी एचडीएफसी बैंक को देने का निर्णय लिया गया है।
बैंक के अधिकारियों के साथ एनआईसी की टीम ने गुरुवार को काउंटरों का निरीक्षण कर मंदिर प्रशासन के साथ नई व्यवस्था पर चर्चा की। मंदिर के गर्भगृह से एसी जल्द निकलवाया जाएगा।
टिकटों में हेराफेरी रोकने के लिए मंदिर प्रशासन ने अब ऑनलाइन टिकट की बिक्री कराने का फैसला किया है। इसके लिए एनआईसी ने शुक्रवार को काम शुरू कर दिया।
सीसीटीवी कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी के साथ ही ऑनलाइन टिकट की बिक्री की व्यवस्था लागू करने के लिए अफसरों ने लंबी चर्चा की।
काउंटर संभालने से पहले दोपहर बाद एचडीएफसी बैंक प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों ने काउंटर का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पारस नाथ द्विवेदी ने बताया कि छत्ताद्वार पर बंद पड़े टिकट काउंटर को एचडीएफसी बैंक के जिम्मे दिया जाएगा। मंदिर की व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
इस क्रम में शुक्रवार को मंदिर परिसर से वाटर कूलर के आरओ प्लांट का नल बाहर करवा दिया गया। गर्भगृह से एसी और परिसर से जेनरेटर भी शीघ्र हटवा दिया जाएगा।
कुछ महीने पहले मनाही के बावजूद गर्भगृह में एसी लगवा दिया गया था। इससे प्राचीन मंदिर की दीवारों में कंपन होने से नुकसान की आशंका जताई गई थी।