वाराणसी। आध्यात्मिक पर्यटन से शक्ति और शिव के धाम को जोड़ दिया गया है। काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की पहल पर श्रीनगर एयरपोर्ट पर बाबा के लाइव दर्शन के साथ विश्वनाथ मंदिर में होने वाले हवन-पूजन की पूरी जानकारी का डिस्प्ले किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य शक्ति के दरबार में हाजिरी लगाने वाले श्रद्धालुजनों को बाबा धाम तक लाना है। एयरपोर्ट पर ट्रस्ट की ओर से दर्शन-पूजन के पैकेज की भी जानकारी दी जा रही है।
विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से पूरे देश में बाबा के दर्शन का प्रचार प्रसार व प्रमोशन किया जा रहा है। बनारस और श्रीनगर एयरपोर्ट पर प्रचार-प्रसार का जिम्मा संभाल रही कंपनी दोनों एयरपोर्ट पर यह काम कर रही है। दूसरी ओर कैंट रेलवे स्टेशन पर बाबा के लाइव दर्शन की व्यवस्था की जा रही है, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिल सके। काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ विशाल सिंह ने बताया कि दोनों एयरपोर्ट पर कंपनी की ओर से प्रचार प्रसार किया जा रहा है। इसमें न्यास की ओर से दी जाने वाली सभी सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है।