वाराणसी। मकर संक्रांति पर गंगा स्नान के लिए मंगलवार सुबह से ही काशी के घाटों पर आस्थावानों की भीड़ उमड़ने लगी। बुधवार को मनाई जाने वाली मकर संक्रांति के पहले भी बड़ी संख्या में लोगों ने गंगा में डुबकी लगाकर दानपुण्य किया। वहीं, दूर दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मैदागिन, गिरिजाघर, दशाश्वमेध की ओर बड़ी गाड़ियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
भगवान सूर्य की आराधना का महापर्व मकर संक्रांति 15 जनवरी को मनाया जाएगा। हालांकि सूर्य 14 जनवरी को अद्धरात्रि के बाद 2:08 बजे धनुराशि से मकर में प्रवेश कर गए। ऐसे में आधीरात के बाद से भीड़ और बढ़ गई। मंगलवार को भी दशाश्वमेध, अस्सी घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट, तुलसीघाट, शीतलाघाट पर गोरखपुर, देवरिया, सलेमपुर, बस्ती आदि जगहों से आए महिलाओं-पुरुषों ने गंगा में डुबकी लगाकर तिल, गुड़, चिवड़ा के अलावा गरीबों में गर्म कपड़ों का भी दान किया। उधर, स्नान में भीड़ उमड़ने की वजह से दशाश्वमेध घाट पर जल पुलिस, एनडीआरएफ के जवान भी मुस्तैद रहे।
गंगा स्नान और दानपुण्य का योग
ज्योतिषाचार्य विमल जैन के मुताबिक मकर संक्रांति पर गंगा स्नान व आराध्य देवी-देवता के स्मरण के बाद दान-पुण्य करना चाहिए। इस दिन प्रात:काल तिल का तेल व उबटन लगाकर तिल मिश्रित जल से स्नान करना शुभ फलदायी माना जाता है। तिल का दान व उपयोग करने से समस्त पापों का शमन होता है।
खिलाई गई खिचड़ी
मकर संक्रांति को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से गरीबों, असहायों में खिचड़ी बांटी गई। लोगों ने उपहार में तिलकुट और मिठाईयां भी दीं। ऊर्जा महिला संगठन की ओर से मंगलवार को सिगरा स्थित झूलेलाल मंदिर के पास खिचड़ी सेवा कार्यक्रम के तहत भगवान झूलेलाल को खिचड़ी का भोग लगाया। कार्यक्रम में वर्षा लालवानी, मनीषा किशनानी, पायल राजवानी, रोशनी हिरानी, श्वेता चांगरानी, सोनी लखमानी, सलोनी आदि मौजूद रहीं। श्याम मंडल ट्रस्ट एवं मारवाड़ी युवा मंच वाराणसी की ओर से गोदौलिया चौराहे पर स्टॉल लगाकर तीर्थयात्रियों को नाश्ता कराया गया और चाय पिलाई गई। इस अवसर पर मदन मोहन पोद्दार, राजेश तुलस्यान, बैजनाथ भालोटिया, सुरेश तुलस्यान, आशीष अग्रवाल, प्रतीक गनेड़ीवाल, पंकज तोदी, अजय खेमका आदि मौजूद रहे। मारवाड़ी युवा मंच अन्नपूर्णा शाखा व मारवाड़ी महिला संगठन की ओर से दशाश्वमेध स्थित खिचड़िया बाबा मंदिर में दान पुण्य कर स्नान करने आए लोगों को पूड़ी कचौड़ी खिलाई गई। इस अवसर पर यशा मोदी, साक्षी सर्राफ, चेताली, गुंजन जालान, बरखा जालान, अंजू, पूजा, रूचि, प्रीति, अलका, शीला आदि मौजूद रहे।
कुष्ठ सेवा संघ में रसोई घर का उद्घाटन
रोटरी क्लब काशी की ओर से सारनाथ स्थित काशी कुष्ठ सेवा संघ में रोगियों के रसोई घर का उद्घाटन मंडलाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने किया। इस दौरान यहां भर्ती मरीजों में लाई, चूड़ा ,लड्डू और चावल का वितरण भी किया गया। इस दौरान अध्यक्ष शैलेंद्र मिश्र, आयुष्मान सुरेका, भानु पांडेय, रमेश गुप्ता, अरुण तिवारी, एके वर्मा, श्रेयांश द्विवेदी आदि मौजूद रहे।