मकर संक्रांति पर्व पर घर से बाहर निकल रहे हैं तो एक बार डायवर्जन भी देख लीजिए। शहर सहित पूर्वांचल-बिहार तक की उमड़ने वाली हजारों की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को रूट डायवर्जन जारी कर दिया। गुरुवार की भोर 3 बजे से 16 जनवरी की सुबह तक समस्त वाहनों को गंगा घाट इलाकों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं शहर के बाहरी इलाकों में भी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी सिटी विकास चंद्र त्रिपाठी ने फोर्स संग गोदौलिया, दशाश्वमेध से लेकर अस्सी घाट गंगा पार तक निरीक्षण कर मातहतों को विशेष दिशा निर्देश दिया। एसपी ट्रैफिक श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि पर्व को देखते हुए सभी तरह के वाहन पास निरस्त रहेंगे और शव वाहन, एंबुलेंस सभी प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे। नो इंट्री भी नहीं खुलेगी।
देख लें डायवर्जन
- मैदागिन से चौक, गोदौलिया जाने वाले वाहन, रिक्शा, तांगा, साइकिल आदि को मैदागिन से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को हरिश्चंद्र डिग्री कालेज व कबीर चौरा, लहुराबीर मार्ग पर मोड़ दिया जाएगा।
- लक्सा से रामापुरा, गोदौलिया जाने वाली सभी वाहनों को लक्सा थाने के पास रोक लिया जाएगा, इन वाहनों को बेनियाबाग व गुरूबाग, कमच्छा मार्ग पर मोड़ दिया जाएगा।
- लहुराबीर से गोदौलिया जाने वाले वाहनों को बेनिया तिराहे से आगे नहीं जाने दिया जाएगा, इन वाहनों को पियरी मार्ग कबीर चौरा व लहुराबीर वापस भेजा जाएगा।
- अस्सी, सोनारपुरा से गोदौलिया जाने वाले वाहनों को भेलूपुर थाना मार्ग पर मोड़ दिया जाएगा, इसी प्रकार भेलूपुर थाना से रेवड़ी तालाब होकर रामापुरा जाने वाले वाहन तिलभांडेश्वर से आगे नहीं जा सकेंगे, इस बीच मार्गों में मिलने वाली बीच की गलियों से होकर आने वाले वाहनों पर भी यह प्रतिबंध लागू होगा।
- बेनियाबाग से आगे अत्यधिक भीड़ होने पर वाहनों को लहुराबीर चौराहे पर रोका जाएगा और वाहनों को क्वींस इंटर कालेज व संपूर्णानंद विश्वविद्यालय में खड़ा कराया जाएगा।
- भदऊचुंगी से भैंसासुर घाट व राजघाट की तरफ किसी भी प्रकार के वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।
- गोलगड्डा तिराहे से कोई भी वाहन विशेश्वरगंज तिराहा होते हुए भैंसासुर घाट की तरफ नहीं जाएगा।