खुद को जिला निर्वाचन अधिकारी बता कर साइबर ठगों ने अमीनी गांव निवासी बीएलओ बल्लूर पाल को 19500 रुपये की चपत लगा दी। बल्लूर ने बताया कि फोन करने वाले ने खुद को जिला निर्वाचन अधिकारी बताते हुए बात शुरू की। बातचीत के दौरान उसने एनी डेस्क एप डाउनलोड करवाया। इसके बाद उनके खाते से 19500 रुपये कट गया। घटना के संबंध में मिर्जामुराद थाने में शिकायत की गई है।
सरेराह कार छीनकर ले जाने की शिकायत की
रिंग रोड, चांदमारी में संजय सिंह ने सरेराह पांच लोगों द्वारा कार छीन कर ले जाने की शिकायत शिवपुर थाने की पुलिस से की। गाजीपुर जनपद के नोनहरा थाना क्षेत्र के जानूपुर के रहने वाले संजय सिंह अपने भतीजे की स्विफ्ट डिजायर कार से अपनी ससुराल जा रहे थे।
संजय ने बताया कि शिवपुर थाना क्षेत्र में रिंग रोड, चांदमारी पहुंचने पर स्कार्पियो से आए पांच लोगों ने कार से उन्हें उतार कर अपने साथ ले गए। शिवपुर थाने के कार्यवाहक थानाध्यक्ष विद्या शंकर शुक्ल ने बताया कि कार लोन पर ली गई हैं। उसकी 12 किश्त नहीं जमा है। रिकवरी एजेंट कार ले गए हैं। घटना की जांच चांदमारी चौकी प्रभारी अजीत मिश्रा को सौंपी गई है।
साइबर ठगों ने महिला के खाते से उड़ाए 44 हजार रुपये
शिवपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेंट्रल जेल रोड निवासी बंदना सिंह ने पुलिस को दिए शिकायत पत्र में बताया कि मैंने 12 अगस्त को गूगल फोन ऐप पर शिकायत के लिए नंबर सर्च कर निकाला। यूपीआई से मैंने आर्मी पब्लिक स्कूल में 16828 रुपये पेमेंट किया, लेकिन गया नही। न तो मेरे खाते में पैसा वापस आया।
मैंने गूगल से मिले नंबर पर फोन किया तो कहा गया कि मेरे सीनियर अधिकारी का फोन आएगा, तो बात करिएगा। आपका पैसा वापस हो जाएगा, लेकिन अभी तक कोई पैसा वापस नहीं आया। मेरा दो बार में यूपीआइ के जरिए 44 हजार 124 रुपये कट गए। शिवपुर पुलिस मामले की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
चोरी के जनरेटर के साथ एक गिरफ्तार, एक भागा
ग्रीन सिटी से एक हफ्ते पूर्व चोरी हुए एक जनरेटर के साथ मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने शनिवार को खालिसपुर नहर पुलिया के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। मिर्जामुराद थानाध्यक्ष अजय राज वर्मा ने बताया कि खालिसपुर निवासी मंगरु उर्फ मन्नर बनवासी चोरी के जनरेटर के साथ गिरफ्तार किया गया है। मंगरू अपने साथी के साथ जनरेटर बेचने जा रहा था। उसके साथी की तलाश की जा रही है।
प्लाईवुड लादे हुआ पिकअप पलटा
वाराणसी-बाबतपुर फोरलेन पर शनिवार की सुबह संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारियों ने सुल्तानपुर से प्लाईवुड लेकर वाराणसी जा रहे एक ओवरलोड पिकअप को रोक लिया। पिकअप को रोकने के बाद उसका वजन करने के लिए सेहमलपुर धर्मकांटा पर ले जा रहे थे। रास्ते में पानी भरा था और पिकअप वहीं पर पलट गया।
पिकअप पलटने के बाद आरटीओ के कर्मचारी वहां से चले गए। चालक ने आरोप लगाया गया कि अधिकारियों द्वारा जबरन पिकअप को पानी से ले जाने के लिए दबाव बनाया गया, जिससे हादसा हुआ। हालांकि, बाद में पिकअप को आरटीओ कर्मियों ने जेसीबी से सीधा कराया और ओवरलोड में चालान किया।
बोलेरो और ट्रक में टक्कर, पहुंची पुलिस
राजातालाब के राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीरभानपुर गांव में गलत दिशा से आ रही बोलेरो ट्रेलर से टकरा गई। दोनों वाहन की टक्कर में बोलेरो सवार चित्रकूट निवासी रामाश्रय घायल हो गए। बोलेरो में बैठे अन्य लोग बाल-बाल बच गए। मौके पर पहुंची राजातालाब थाने की पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। इस बीच ट्रेलर छोड़कर ड्राइवर मौके से चला गया था।
प्रेमी की पत्नी का गला रेतने की आरोपी युवती जेल गई
चोलापुर के गड़सरा गांव में गत मंगलवार की सुबह अपने पूर्व प्रेमी की पत्नी का गला रेतने की आरोपी युवती को शनिवार को चोलापुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अदालत में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया। इससे पहले युवती से दुष्कर्म के आरोप में उसका प्रेमी बुधवार को गिरफ्तार किया गया था।
चोलापुर थाना क्षेत्र के गड़सरा गांव निवासी बबलू और एक युवती पांच वर्ष से प्रेम करते थे। दोनों ने एक-दूसरे से शादी करना तय किया था। लगभग पांच माह पहले बबलू ने एक अन्य युवती से विवाह कर लिया। इससे उसकी प्रेमिका नाराज रहने लगी। 20 अगस्त की सुबह बबलू के घर युवती गई और चाकू से उसकी पत्नी का गला रेतने लगी।
मामला चोलापुर थाने पहुंचा तो युवती की मां ने बबलू के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया। वहीं, बबलू के पिता ने बहू की हत्या के प्रयास के आरोप में युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। बबलू को 21 अगस्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बबलू के बाद उसकी पूर्व प्रेमिका भी चौकाघाट स्थित जिला जेल पहुंच गई।
भटकती महिला को पुलिस ने घर पहुंचाया
मिर्जामुराद के बेनीपुर (तक्खूपुर) बस्ती में शनिवार की सुबह एक महिला को भटकते देख ग्रामीणों ने मिर्जामुराद थाने की पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंचे खजूरी चौकी इंचार्ज पवन कुमार यादव ने सोशल मीडिया की मदद से महिला के बारे में पता लगाना शुरू किया। सामने आया कि महिला राजपुर (प्रतापपुर) गांव की रहने वाली पूजा कुमारी है। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और इसी वजह से वह शुक्रवार की रात वह बिना बताए ही घर से निकल गई थी। महिला की पहचान होने पर उसे उसके घर पहुंचा दिया गया।
मनबढ़ों ने मारपीट कर किया घायल
शिवपुर के पटेल नगर कॉलोनी, भरलाई निवासी पियूष उपाध्याय ने शनिवार को शिवपुर थाने की पुलिस से शिकायत की। बताया कि वह शाम करीब पांच बजे के घर का सामान लेने जा रहा था। रास्ते में चमाव कोइरान निवासी दो युवक और पटेल नगर का एक युवक और तीन अज्ञात युवक उसके साथ अकारण गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगे।
हमलावरों ने उसका आईफोन पटक कर तोड़ दिया और उसके दोस्त निखिल सिंह की भी पिटाई की। सभी ने धमकी दी है कि पुलिस के पास गए तो हाथ-पैर तोड़ देंगे। हमलावर इससे पहले भी कॉलोनी में ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
10 दिन की बछिया को कुत्तों के झुंड ने नोच खाया
रामनगर के गोलाघाट मोहल्ले में कुत्तों ने शनिवार की सुबह बछिया को नोचकर मार डाला। सिर्फ 10 दिन की ही बछिया थी। गोलाघाट मुहल्ले के निवासी नन्दलाल के अनुसार बछिया घर के अहाते में बंधी थी। भोर में किसी समय आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे नोचकर मार डाला।
गोलाघाट के जितेंद्र पांडेय, मंसूर आदि ने बताया कि मोहल्ले में आवारा कुत्तों का झुंड खतरनाक हो चुका है। दो दिन पहले भी दो बच्चों को निशाना बनाया था। नगर निगम में शिकायत की गई तो जवाब मिला कि अभी टेंडर प्रक्रिया चल रही है। उसके पूरा होने पर पशुओं को पकड़ने का काम शुरू किया जाएगा।
कैंप में राज्यमंत्री ने सुनीं समस्याएं
विकास प्राधिकरण सेवा सप्ताह के दूसरे दिन संजय गांधी आवासीय योजना पार्क चौकाघाट में कैंप लगाकर लोगों की शिकायतों का निस्तारण किया गया। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम की शुरुआत पार्क में पौधरोपण के साथ हुआ।
कैंप में प्राधिकरण के विभिन्न अनुभागों जैसे संपत्ति, नियोजन, निर्माण, मानचित्र एवं भवन अनुभाग के द्वारा जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया गया। रिक्त संपत्तियों के बारे में भी जानकारी दी गई। 3 शमन मानचित्र का निस्तारण किया गया। साथ ही 46 नोटिस प्रकरणों की सुनवाई हुई और 5 शमन मानचित्र दाखिल कराए गए।
बीएड के लिए सीटों का हुआ आवंटन
वाराणसी। हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीएड सत्र 2024-26 के लिए सीटों का आवंटन हो गया है। विभाग की प्रभारी प्रो. अनिता सिंह ने कहा कि जिन विद्यार्थियों को बीएड प्रवेश में सीटों का आवंटित हुआ है, वे आवंटन पत्र के साथ मंगलवार सुबह 10 बजे विभाग में उपस्थित रहे। संवाद
वेदांत विभाग के अध्यक्ष बने प्रो. सुधाकर मिश्र
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में वेदांत विभाग के विभागाध्यक्ष के पद पर प्रो. सुधाकर मिश्र को नियुक्त किया गया है। शनिवार को इसका आदेश कुलसचिव राकेश कुमार ने जारी कर दिया। कुलसचिव के अनुसार प्रो. मिश्र अगले तीन वर्ष या फिर सेवानिवृत्ति तक (जो भी पहले हो) इस पद पर बने रहेंगे।
राज्यस्तरीय स्कूली प्रतियोगिता में खेलेगी प्रिया
सात वर्ष की उम्र से तैराकी सिख रही हूं। अबतक तीन बार बार राज्यस्तरीय मुकाबले खेल चूकी हूं।जनपदीय प्रतियोगिता जीतकर राज्यस्तरीय स्कूली प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया है लेकिन अबतक सफलता नहीं मिली है। घर की माली हालत खराब है। पिता का निधन हो गया है। चार बहनें और मां की जिम्मेदारी एक भाई पर है।
मुकिमगंज निवासी प्रिया साहनी ने बताया कि तैरना तो उन्होंने बचपन में ही सिख लिया था। पिता के निधन के बाद मुश्किलें आई थी लेकिन भाई नाव चलाकर परिवार संभालते हैं। बताया कि चार बहनों में सिर्फ प्रिया तैराकी करती हैं। बताया कि खेलने में मन लगता है लिहाजा किसी ने रोका नहीं। हम मांझी समाज से आते हैं तो तैरना हमारे खुन में हैं। 2014 से खेलना शुरू किया। बताया कि राज्यस्तरीय प्रतियाेगिता की तैयारी कर रही हूं।
प्रमोद मिश्रा विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत
संविधानिक एवं संसदीय अध्ययन संस्थान, उत्तर प्रदेश के सदस्य प्रमोद कुमार मिश्रा को यहीं की वर्ष 2024-2025 की कार्यकारिणी के लिए विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने किया है। लंका निवासी प्रमोद कुमार मिश्रा आध्यात्मिक व सांस्कृतिक अनुष्ठान सुबह-ए-बनारस के उपाध्यक्ष और अखिल भारतीय ब्राह्मण न्यास परिषद के अध्यक्ष हैं।
इस उपलब्धि पर भाजपा विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने प्रमोद कुमार मिश्रा को बधाई दी। उनके अलावा भाजपा प्रवासी संपर्क प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह, अखिल भारतीय विद्वत परिषद के महामंत्री प्रो. रामनारायण द्विवेदी, काशी विश्वनाथ न्यास परिषद के सदस्य बृजभूषण ओझा, दीपक मालवीय आदि ने प्रमोद मिश्रा को बधाई दी।
वन रेंजर का हुआ स्वास्थ्य चेकअप
वन विभाग की ओर से शुक्रवार को सर्किट हाउस में स्वास्थ्य कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें लखनऊ मेदांता के डॉक्टरों ने वन विभाग के अधिकारियों, रेंजर्स, कर्मचारियों और स्टॉफ की जांच की। जांच शिविर में 56 वन कर्मचारियों की जांच हुई। इस दौरान मेदांता के डॉक्टरों ने वन रेंजर्स को सांपों से बचाव, सांप काटने के दौरान क्या किया जाए, हार्ट अटैक के बारे में बताया।
वन संरक्षक डॉ. रवि सिंह ने कहा कि विभाग में समय समय पर जांच कराते रहना चाहिए। जांच के दौरान वन रेंजर्स को कई जानकारी दी गई है। जो उन्हें अपने क्षेत्रों में काम करने के दौरान काम आती है। प्राथमिक उपचार के बारे में भी सभी को डॉक्टरों ने जानकारी दी।
बीएनआई के नए चैप्टर का हुआ शुभारंभ
बीएनआई (बिजनेस नेट्वर्क इंटरनेशनल) संस्था के वाराणसी का 14वां चैप्टर का शुभारंभ सिगरा स्थित एक होटल में हुआ। संस्था के सीनियर लॉच डायरेक्टर हिमांशु गिनोडिया सहित अन्य अतिथियों ने इसका विधिवत उद्घाटन किया।
उन्होंने बताया कि जिले में 13 चैप्टर लॉच हो चुके हैं, जो कार्य कर रहे हैं। जबकि देश का 1268वां चैप्टर है। बीएनआई संस्था नेटवर्किंग और बिजनेस के साथ व्यापारियों को सीखने के भी अवसर उपलब्ध कराती है, जिससे वे अपने कारोबार को बढ़ा सकें।
14वें चैप्टर के लॉच डायरेक्टर जिमी तलरेजा ने बताया कि जिले में 600 से अधिक व्यापारी इस संस्था के सदस्य हैं। लॉच डायरेक्टर कृष्ण मोहन अग्रवाल, सपोर्ट डायरेक्टर वर्षा सिंह, एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर आयुष नर्सरिया, परितोष जयसवाल, विकास पांडेय ने भी विचार रखे।
बंगाली टोला में होगी जनपदीय कराटे प्रतियोगिता
68वीं माध्यमिक जनपद स्तरीय कराटे प्रतियोगिता बंगाली टोला इंटर कॉलेज में दो और तीन सितंबर को खेली जाएगी। 10 जोन के छह सौ से अधिक खिलाड़ी तीन वर्ग में खेलेंगे। बंगाली टोला इंटर कॉलेज के खेल शिक्षक मेजर विमल राव ने बताया कि प्रतियोगिता सुबह 8 बजे शुरू होगी। प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र लाना होगा।
दो सितंबर को खेले जाएगी जनपदीय ताइक्वांडो
जनपद स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता बंगाली टोला इंटर कॉलेज में खेली जाएगी। खिलाड़ियों का वजन 2 और 4 सितंबर को सुबह 8 बजे से होगा। इसमें वाराणसी के दस जोन के छह सौ से अधिक खिलाड़ी खेलेंगे।
यूपी वॉलीबॉल संघ के संयुक्त सचिव बने सर्वेश पांडेय
बड़ी पटिया निवासी सर्वेश कुमार पांडेय को यूपी वॉलीबॉल का संयुक्त सचिव मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन प्रदेश वॉलीबॉल संघ की लखनऊ में हुई वार्षिक बैठक में हुआ। सर्वेश पांडेय ने बताया कि सितंबर के अंत में यूपी वॉलीबॉल एसोसिएशन की साधारण सभा की बैठक वाराणसी में होगी।
वॉलीबॉल की 2024-25 की गतिविधियों पर चर्चा के साथ यूपी सीनियर स्टेट चैंपियनशिप कराने के लिए स्थान का चयन होगा। वाराणसी में जल्द ही लीग मैच होंगे। मनोनयन पर संघ के सचिव सुनील तिवारी, प्रो़ अभिमन्यू सिंह, नवीन राय, धीरेंद्र सिंह ने खुशी जताई है।
लहेरिया स्टेशन पर रुकेगी अंत्योदय एक्सप्रेस
15551/15552 दरभंगा-वाराणसी सिटी अंत्योदय एक्सप्रेस का पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल के लहेरिया सराय स्टेशन पर दो मिनट का प्रायोगिक ठहराव होगा। 28 अगस्त को दरभंगा से चलने वाली 15551 दरभंगा-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस लहेरिया सराय स्टेशन पर रात 9.10 बजे पहुंचकर 9.12 बजे छूटेगी। वाराणसी सिटी से 29 अगस्त से चलने वाली 15552 वाराणसी सिटी-दरभंगा अंत्योदय एक्सप्रेस लहेरिया सराय स्टेशन पर रात 8.25 बजे पहुंचकर 8.27 बजे छूटेगी।
युवा संगोष्ठी में 200 युवाओं ने लिया हिस्सा
गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से शनिवार को दानुपुर रिंग रोड के लॉन में दो दिवसीय जोनल युवा संगोष्ठी के शुभारंभ पर 20 जिलों के 200 युवाओं ने हिस्सा लिया। 2026 में गुरु माता भगवती देवी और अखंड ज्योति जन्म शताब्दी समारोह के लिए जनजागरण अभियान पर विस्तार से चर्चा की।
प्रतिनिधि आशीष कुमार सिंह ने युवा एवं महिला मंडल की स्थापना के महत्व पर प्रकाश डाला। कहा कि युवा ही राष्ट्र निर्माता होते हैं। कहा कि भटके और बेरोजगार युवाओं को सही मार्गदर्शन देना हमारी जिम्मेदारी है। संयोजन जिला समन्वयक पंडित गंगाधर उपाध्याय व संचालन जय प्रकाश वर्मा ने किया। इस मौके पर मान सिंह, राम जीत पांडेय, विद्याधर मिश्रा, बृजेश पटेल, अतुल कुमार, दीनानाथ सिंह, सत्य नारायण मौजूद रहे।
हरहुआ में दिल में छेद वाले बच्चे का निशुल्क ऑपरेशन
वाराणसी के हरहुआ में छह साल के जिस बच्चे के दिल में छेद की पुष्टि हुई थी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उसका अलीगढ़ स्थित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में निशुल्क ऑपरेशन करवाया गया। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल मेडिकल ऑफिसर डॉ. अब्दुल जावेद ने बताया कि 10 मई को कंपोजिट विद्यालय सरैया में जांच के दौरान अनिल पटेल के बेटे अंशिक के दिल में छेद की पुष्टि हुई थी। जिला अस्पताल में बच्चे की जांच के बाद उसको ऑपरेशन के लिए अलीगढ़ भेजा गया था। यहां 23 अगस्त को उसका सफल ऑपरेशन हुआ।
बीएचयू के प्रोफेसर भूटान में देंगे विशेष व्याख्यान
बीएचयू के सामाजिक विज्ञान संकाय के प्रो. अमरनाथ पासवान भूटान के रॉयल विश्वविद्यालय में नारबुलिंग रिग्टर कॉलेज पारो में अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में हिस्सा लेंगे। 26 अगस्त तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फॉर सस्टेनेबिलिटी एंड लाइफ स्किल्स नामक विषय पर व्याख्यान देंगे। संगोष्ठी में भारत, अमेरिका, यूनाइटेड अरब अमीरात शिक्षाविद मौजूद रहेंगे।
पटरी व्यवसायी संघ ने निकाला न्याय मार्च
कोलकाता में चिकित्सक की दुष्कर्म और हत्या के विरोध में दशाश्वमेध पटरी व्यवसायी संघ (विरासत बाजार) ने शनिवार को चितरंतन पार्क दशाश्वमेध से न्याय मार्च निकाला। इस दौरान अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले को फांसी देने की मांग की। इस मौके पर लक्ष्मण केसरी, अनूप गुप्ता, शीला देवी, नरसिंह दास, अजीत जायसवाल, चांदनी श्रीवास्तव आदि रहीं।
बांसुरी पर बजाई मिर्जापुरी कजरी
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से शनिवार को कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में वरुणा संध्या का आयोजन किया गया। वरुणा संध्या में बांसुरी वादक दिलीप शंकर ने रागों की अवतारण की और मिश्र पीलू में धुन की प्रस्तुति की।
इसके बाद मिर्जापुरी कजरी एवं अंत में राम भजन रघुपति राघव राजा राम पतित पावन सीताराम प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय कर दिया। तबले पर श्यामसुंदर ने संगत की। कलाकारों को प्रमाण पत्र दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने प्रदान किया। धन्यवाद ज्ञापन परिषद के अभियंता सचिन कुमार श्रीवास्तव ने दिया। इस दौरान तनुज कुमार वर्मा, काशीराम कुशवाहा मौजूद रहे।
पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बने विनोद
पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन की बैठक शनिवार को बनारस क्लब में हुई। इसमें पदाधिकारियों का चुनाव किया गया। 2024-25 सत्र के लिए विनोद कुमार सिंह को दोबारा अध्यक्ष चुना गया। इस दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने कहा कि डीलर्स की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
कर्नल विनोद कुमार बने पीएमजी वाराणसी
वाराणसी। कर्नल विनोद कुमार वाराणसी डाक परिक्षेत्र के नए पोस्टमास्टर जनरल का पदभार ग्रहण किया है। कृष्ण कुमार यादव के स्थानांतरित होने के बाद इन्हें नियुक्त किया गया है। कर्नल विनोद ने इससे पूर्व मणिपुर, गुजरात, जम्मू कश्मीर और केरल में काम किया है।
उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक, आईआईएमसी न्यू जेएनयू परिसर से पत्रकारिता में पीजी कोर्स किया है। वह 2003 बैच के अधिकारी हैं और उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है। वाराणसी परिक्षेत्र के अधीन भदोही, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर और बलिया जनपद आदि क्षेत्र शामिल हैं।
श्री कच्चा बाबा आश्रम परिसर में चलाया साफ-सफाई अभियान
चिरईगांव के जाल्हूपुर स्थित श्री कच्चा बाबा मंदिर परिसर में शनिवार को ग्रामीणों व पंचायतीराज विभाग के सफाई कर्मचारियों के सहयोग से सफाई अभियान चलाया गया।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजक मंडल ने बताया कि यहां मंगलवार को 24 घंटे का श्री हरि कीर्तन, बुधवार को प्रीति पाल व उपेंद्र यादव तथा गुरुवार को कलाकार विजयलाल यादव व ओमप्रकाश यादव के बीच बिरहा दंगल का मुकाबला होगा।
कार्यक्रम में प्रतिदिन क्षेत्र के आस्थावानों का जमावड़ा होता है। इसे देखते हुए ब्लाक कार्यालय पर सफाई के लिए कहा गया था। इसको देखते हुए एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह ने सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगा कर साफ-सफाई करवाई।
खेल और फिटनेस के लिए रविवार को साइकिल चलाएंगे शहरवासी
खेल और फिटनेस के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य 25 अगस्त रविवार को मारवाड़ी युवा मंच और अमर उजाला की ओर से साइक्लोथॉन 4.0 का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की ब्रांड एंबेसडर नीलू मिश्रा है। इसमें मारवाड़ी युवा मंच की समस्त शाखाएं वाराणसी, गंगा, वरुणा, काशी, अन्नपूर्णा और उदया के सदस्य हिस्सा लेंगे।
साइक्लोथॉन सुबह 6 बजे भेलूपुर स्थित शाकुंभरी कॉम्प्लेक्स के समीप से शुरू होकर आईपी विजया मॉल होते हुए कीनाराम आश्रम, गुरुधाम चौराहा होते हुए पुनः चौराहे के पास पहुंचकर संपन्न होगी। इसमें कोई भी प्रतिभागी हिस्सा ले सकता है। लकी ड्रॉ के जरिये प्रतिभागियों को उपहार भी दिए जाएंगे। भाग लेने के इच्छुक लोग प्रांतीय उपाध्यक्ष पंकज टेकरीवाल के मोबाइल नंबर 8840893245 पर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
रोटरी समाज के वर्गों को जोड़कर करता है विकास: डॉ. दयाशंकर मिश्र
रोटरी क्लब वाराणसी कबीर का छठ स्थापना स्थापना दिवस शनिवार को अंधरापुल स्थित एक होटल में उल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश के राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु कार्यक्रम का शुभारंभ कर कहा कि रोटरी समाज सेवा के लिए जाना जाता है। इसके जरिए समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर उनका विकास करते हैं। इसकी शाखाएं दुनिया भर में हैं।
रोटरी क्लब कबीर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आभा भुवालका, सचिव भावना विश्वास, कोषाध्यक्ष सौरभ मिश्रा को शपथ दिलाई गई। अध्यक्षता अमरचंद अग्रवाल, संचालन रोटरी कबीर के संस्थापक अध्यक्ष नीलेश भुवालका, स्वागत अजय दुबे तथा धन्यवाद ज्ञापन सौरभ मिश्र ने किया। इस मौके पर पूर्व मंडलाध्यक्ष संजय अग्रवाल, बालाजी, दीपक अस्थाना, दीपक अग्रवाल, डॉ. अस्वनी टंडन, गौरव राठी, अमित गुप्ता, शैलेंद्र मिश्रा आदि रहे।
बसपा और सपा में हो सकता है गठबंधन : राम अचल राजभर
2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में एक बार फिर मायावती और अखिलेश यादव एक साथ हो सकते हैं। बसपा और सपा के गठबंधन को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामअचल राजभर ने दावा किया है।
शनिवार को पहड़िया स्थित एक होटल में प्रेसवार्ता में राम अचल राजभर ने कहा कि जिस तरीके से सत्ताधारी दल सामाजिक न्याय का हनन कर रहा है, उसे देखते हुए सभी राजनीतिक दलों को एक हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के मुद्दे पर आगामी विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव और मायावती फिर से एक मंच पर देखे जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक लाभ लेने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री और मुख्यमंत्रियों पर ऐसी टिप्पणी करवा रही है। भाजपा बिना वजह मुख्यमंत्रियों को जेल भेज रही है। उधर, पहड़िया में आयोजित संगोष्ठी में सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामअचल राजभर ने कहा कि देश व प्रदेश की सरकार संविधान और आरक्षण में छेड़छाड़ कर रही है। इसके लिए राजभर समाज को बड़ी लड़ाई लड़नी पड़ेगी।