वाराणसी। सिने तारिका महिमा चौधरी एक बार फिर बड़े परदे पर वापसी की तैयारी में हैं। रविवार की दोपहर बाद महमूरगंज में बनारस स्वर्ण कला केंद्र के उद्घाटन के बाद महिमा ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से बच्चे की देखभाल के लिए उन्होंने फिल्मों से दूरी बनाई है लेकिन अब उनका इरादा वापसी करने का है। वह अगले वर्ष फिल्मों में नजर आ सकती हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ने की लोगों से अपील भी की। महिमा यहां पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं।
दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे महमूरगंज पहुंचीं फिल्म अभिनेत्री की झलक पाने के लिए सड़कों पर प्रशंसकों की भीड़ दोपहर से ही जमा हो गई थी। नारंगी रंग के लहंगे और नीली मखमली चुन्नी में महिमा ने हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन किया। शो रूम में आटोग्राफ लेने के लिए युवितयों, युवकों और महिलाओं की लाइन लगी थी। इस दौरान जमकर धक्कामुक्की हुई। पत्रकारों से बातचीत में
महिमा ने कहा कि फिलहाल वो घर-परिवार और बच्चे के लिए अपना समय दे रही हैं। बच्चे की खातिर उन्होंने डेढ़ साल पहले फिल्मों से खुद को अलग किया था। महिमा ने बताया कि काम होने के बाद भी अभी हामी भरना ठीक नहीं समझतीं लेकिन जल्द ही फिल्मों में उनकी वापसी होगी। अगले साल वो कुछ
फिल्में साइन कर सकती हैं। स्वर्ण कला केंद्र परिसर में उन्होंने करीब दो घंटे बिताए। विकास के लिए उन्होंने स्वच्छता को जरूरी बताया। कहा कि इस अभियान से लोगों को जुड़ना चाहिए। बनारस की कला-संस्कृति को भी सराहा। इस दौरान अशोक कुमार जायसवाल, अंकित जायसवाल, अनिल कुमार जायसवाल उपस्थित थे।