महाशिवरात्रि पर शहर से लेकर गांव तक के शिवालयों में भक्त बाबा का अभिषेक व पूजन-अर्चन करेंगे। शहर के बाहर के प्रमुख शिवालयों में मार्कंडेय महादेव कैथी, शूलटंकेश्वर माधोपुर, सारंगनाथ सारनाथ, रामेश्वर महादेव में भी दर्शन-पूजन के लिए भीड़ होगी। यहां मंगलवार शाम से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे। इन शिवालयों के पास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
मार्कंडेय महादेव मंदिर में भीड़ को देखते हुए वैरिकेडिंग और सीसी कैमरे लगाए गए हैं। यहां जलाभिषेक करने गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, चंदौली, आजमगढ़, जौनपुर श्रद्धालु पहुंचेंगे। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि मंदिर के मुख्य द्वार से ही श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे। मंदिर के बाहर जिगजैग बैरिकेडिंग, संगम घाट पर डीप वाटर बैरिकेडिंग, चेंचिग रूम, मोबाइल टायलेट, पेयजल की व्यवस्था कराई गई है। बाहर से आने वाले वाहनों को वाराणसी-गाजीपुर हाइवे के किनारे बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया गया है। महाशिवरात्रि पर यहां दो दिन मेला लगता है, इसलिए जलाभिषेक भी दो दिन होगा।
उधर, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) डॉ. के एजिलसन और एसीपी संजीव शर्मा मंगलवार को शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सुरक्षाकर्मियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान रखें। किसी के साथ दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए।