उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम ने कैंट स्टेशन का किया निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
ट्रेनों की गति और सुगम परिचालन के लिए कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या पांच पर नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। इस दौरान 100 दिन का ब्लॉक लेकर विस्तारीकरण होगा। यह ब्लॉक जुलाई माह में लिए जाने की तैयारी चल रही है। ताकि अक्तूबर माह से पहले काम खत्म हो सके। उसके बाद महाकुंभ की भीड़ को भी संभालना है। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम एसएम शर्मा ने सोमवार को कैंट स्टेशन के निरीक्षण से पहले यह जानकारी दी।
कैंट स्टेशन निदेशक कक्ष में डीआरएम एसएम शर्मा ने बताया कि प्रयास यह हो रहा है कि सुल्तानपुर से जो मालगाड़ी चले तो फिर वह बीच के स्टेशनों पर न रुके, सीधे वह पीडीडीयू नगर में ही रुके। इससे मालगाड़ी में लगने वाले समय की बचत के साथ ही रनिंग कर्मचारियों को भी सहूलियत होगी। एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे डीआरएम ने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और विकास से जुड़े कार्यों का निरीक्षण के बाद कहा कि प्रयास यह है कि ट्रेनों की चाल और बेहतर हो। ईसीआर पीडीडीयू नगर के डीआरएम और एनईआर डीआरएम से मुलाकात कर आपसी समन्वय से रेल के विकास पर मंथन हुआ है।