काशी में धनतेरस पर खुलने वाले जगत का पालनहारिणी स्वर्णमयी अन्नपूर्णा के दरबार की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। धन तेरस की सुबह महाआरती के बाद मंदिर की पहली मंजिल पर मां के कपाट खोल दिए जाएंगे।
ढुंढिराज गणेश प्वाइंट से श्रद्धालु मां के दरबार में प्रवेश करेंगे। कालिका गली से निकास होगा। इसी के साथ चार दिन तक मां के स्वर्णिम स्वरूप के दर्शन होंगे। महंत रामेश्वरपुरी महाराज अन्न-धन का खजाना वितरित करेंगे।
जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र और एसएसपी रामकृष्ण भारद्वाज ने अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। मंगलवार से शुरू होने वाले चार दिवसीय स्वर्णमयी अन्नपूर्णा देवी के दर्शन के लिए इस बार दो लाख से अधिक भीड़ उमड़ने का अनुमान है।
अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे डीएम, एसएसपी ने मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास वाले मार्गों का निरीक्षण किया। बांसफाटक से होते हुए ढुंढिराज गणेश से भक्त मां के दरबार मेंप्रवेश करेंगे। जबकि राम मंदिर से होकर कालिका गली होते हुए निकास होगा।
अफसरों ने महंत रामेश्वरपुरी के साथ प्रबंधों से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की। डीएम का कहना था कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े। इसके लिए समय रहते मंदिर प्रबंधन के साथ तैयारियों को परख लिया जाए।