जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र के एक गांव में बीती रात प्रेमी युगल ने झोलाछाप डॉक्टर से लेकर परिवारवालों को नींद की दवा खिला दी और जब सभी गहरी नींद में बेहोश हो गए तो दोनो फरार हो गए। पुलिस लड़की वालों के परिजनों की सूचना पर छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव के एक युवक का गांव की ही एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जब युवती के घरवालों को पता चला, तो युवती पर निगरानी रखनी शुरू कर दी। ऐसे में प्रेमी-प्रेमिका के मिलन में बाधा खड़ी हो गई। दोनो ने परिजनों को समझाने की भी कोशिश की, पर जब नहीं माने तो शनिवार रात में युवती ने अपने प्रेमी संग मिलकर अपने परिजनों को पड़ोस के एक गांव के झोलाछाप डॉक्टर से नींद की दवा लेकर खाने में मिलाकर खिला दी।
परिवार के लोग जब दवा के असर से गहरी नींद सो रहे थे उसी समय गांव के ही एक दूसरे युवक की मदद से दोनो शाहगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ कर अपनी दुनिया के लिए रवाना हो गए। सुबह युवती के परिजनों को जानकारी हुई तो मामले ने तूल पकड़ लिया। रविवार को पहले दिन में गांव में पंचायत हुई, जब विवाद हल नहीं हुआ तो शाम को युवती के परिजनों ने थाने में सूचना दी। पुलिस मामले में लड़के के पिता से पूछताछ कर रही है। नींद की दवा देने वाला आरोपी झोलाछाप चिकित्सक भी क्लीनिक बंदकर फरार बताया जा रहा है।