सेंदुराइच के कोन्हवा बस्ती निवासी 22 वर्षीय युवक सात वर्ष पूर्व कमाने के लिए मुंबई गया था। विगत वर्ष कोरोना संक्रमण के कारण कामकाज ठप हुआ तो वह घर के लिए निकला। इसके बाद लॉकडाउन में घर लौटते समय वह आजमगढ़ के जीयनपुर क्षेत्र स्थित अपनी मौसी के घर में रुक गया था। इस दौरान उसे मौसी की लड़की से प्यार हो गया। इसके बाद जून 2020 में दोनों ने भागकर मंदिर में शादी कर ली।
युवती के परिजनों ने जीयनपुर कोतवाली में अपहरण का मुकदमा भी दर्ज कराया था। बाद में जब पता चला कि उनकी बेटी मौसेरे भाई के साथ शादी रचा ली है तो परिजनों ने नाराजगी जताई। उन्हें यह रिश्ता मंजूर नहीं था। शादी के बाद से युवती कोन्हवा बस्ती स्थित ससुराल में ही रह रही थी।
इसी बीच शुक्रवार की रात आठ बजे युवती का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला। सूचना पाकर मायके पक्ष के लोग पहुंच गए। युवती के भाई ने थाने में बहन की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए उसके पति, ससुर और सास के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा।