जौनपुर जनपद के बदलापुर थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में मंगलवार को एक सनसनीखेज मामले सामने आया। गांव के एक कमरे से प्रेमी और प्रेमिका की लाश मिली है। दोनो की हत्या कर शव कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया गया था। यह दोनों पिछले छह दिन से अपने घर से गायब थे।
मंगलवार को ताला तोड़कर दोनों का शव बरामद किया गया। दोनों 14 दिसंबर की शाम से लापता थे। कमरे में युवक का शव जमीन पर पड़ा था और उसका चेहरा तेजाब से बुरी तरह झुलस गया था जबकि युवती का शव फांसी के फंदे पर लटकाया गया था।
पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में ले लिया है। युवक और युवती दोनों के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। बदलापुर थाना क्षेत्र के अशुआपार गांव निवासी प्रशांत उपाध्याय (27) पूरालाल गांव में हार्डवेयर की दूकान खोल रखा था।
14 दिसंबर की शाम तक वह दूकान पर देखा गया था। उसी दिन से प्रशांत की दूकान के बगल वाले गांव कोलगांव निवासी की बेटी प्रतिमा सिंह (20) भी लापता हो गई थी। प्रतिमा स्नातक की छात्रा थी। गांव में दोनों के प्रेम प्रपंच की भी चर्चा है।
गायब होने के बाद से युवक और युवती दोनों के परिजन अपने स्तर से दोनों का पता लगाने में जुटे थे। मंगलवार को युवक के परिजन पूरालाल गांव पहुंचे और हार्डवेयर की दूकान का ताला तोड़वाया। कमरे के अंदर दोनों का शव देख परिजन चीख पड़े।
मौके पर कई गांवों के सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर बदलापुर, सिंगरामऊ, बक्शा, महराजगंज, सुजानगंज थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। देर शाम को एसपी अतुल सक्सेना, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अरुण कुमार श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दोनों का शव कब्जे में ले लिया। देर शाम को डागस्क्वायड भी मौके पर पहुंचा। डाग स्क्वायड से भी हत्यारों का कोई खास सुराग पता नहीं चल सका। युवती के परिजनों का आरोप है कि युवती के गायब होने वाले दिन ही पुलिस को सूचना दी गई थी।
उसकी हत्या की आशंका जताते हुए कुछ लोगों पर शक भी जताया था लेकिन पुलिस उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। आखिरकार गायब होने के छठवें दिन उसका शव मिला तो पुलिस सक्रिय हो गई।