पंचायत ने कहा, हमें इनका गांव में रहना मंजूर नहीं
बलिया जिले के टघरौली गांव में पंचायत ने शादी करने पर प्रेमी युगल को गांव छोड़ने का फरमान सुना दिया। प्रेमी ने पंचायत के फैसले को सिर-माथे लगाया। उसने कहा कि वह पहले जम्मू में काम करता था, पत्नी को लेकर वहीं चला जाएगा।
हालांकि इस मामले में प्रेमी युगल के घरवाले अपने बेटे-बेटी के साथ हैं और उन्हें उनके रिश्ते पर कोई आपत्ति नहीं है। पंचायत के प्रेमी युगल को गांव छोड़ने के फरमान की शुक्रवार को पूरे क्षेत्र में चर्चा रही।
दरअसल, टघरौली में दो साल पहले एक ही गांव के रहने वाले चंदन कुमार और रीता को एक दूसरे से प्रेम करने लगे। दोनों ने चुपके से शहर जाकर कोर्ट मैरिज कर ली। किसी प्रकार इस बात की जानकारी दोनों के घरवालों को हुई। इसके बाद पंचायत का दौर शुरू हुआ।
आखिरकार दोनों के घरवालों ने रिश्ते पर हामी तो भर दी। लेकिन गांववालों को यह रिश्ता नागवार गुजरा। इसके बाद थाना परिसर में शुक्रवार को दोनों के परिवारवालों तथा ग्रामीणों के बीच पंचायत हुई।
अंतत: फैसला सुनाया गया कि, चूंकि प्रेमी-प्रेमिका एक ही गांव के है, लिहाजा ये गांव की परंपरा के विपरीत है। ऐसे में गांव की प्रतिष्ठा के मद्देनजर प्रेमी-प्रेमिका गांव छोड़ दें तथा कहीं और जाकर रहें।