फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lok Sabha Election: यूपी की इस सीट को प्रत्याशी का इंतजार, सपा- बसपा और भाजपा ने अभी तक नहीं खोले पत्ते

Thu, 28 Mar 2024 12:28 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, बलिया

सार

Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। वाराणसी समेत आसपास के कई जिलों में राजनीतिक पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी है। वहीं अभी भी कुछ सीटें हैं जहां प्रत्याशियों के एलान का इंतजार है। 
विज्ञापन
UP Lok Sabha Election - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्वांचल में छठे और सातवें चरण में मतदान होना है। छठे चरण के नामांकन की अंतिम तारीख छह अप्रैल और सातवें चरण के नामांकन की आखिरी तारीख 14 अप्रैल है। मगर बलिया समेत पूर्वांचल की कई सीटों पर भाजपा और सपा ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। वहीं बसपा ने पूर्वांचल की 13 में से किसी भी सीट पर अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। 
विज्ञापन


ऐसे में टिकट की आस लगाए नेताओं की धुकधुकी बनी हुई है। भाजपा ने बलिया, गाजीपुर, भदोही, मछलीशहर लोकसभा सीट पर प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। वहीं अपना दल-एस के कोटे वाली रॉबट्र्सगंज सीट पर भी प्रत्याशी के नाम का एलान होना बाकी है। 

भाजपा ने वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मैदान में उतारा है जबकि आजमगढ़ से भोजपुरी सिने स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ मैदान में हैं। इसी प्रकार लालगंज से नीलम सोनकर, चंदौली से डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, जौनपुर से कृपाशंकर सिंह, सलेमपुर से रविंद्र कुशवाहा भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं। 
विज्ञापन


घोसी सीट सुभासपा के कोटे में हैं। यहां से सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर अपना भाग्य आजमा रहे हैं। वहीं विपक्षी गठबंधन की बात करें तो पूर्वांचल में केवल वाराणसी संसदीय सीट कांग्रेस के कोटे में हैं। यहां से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय खुद तीसरी बार नरेंद्र मोदी को चुनौती देने के लिए मैदान में हैं। 

वहीं सपा ने लालगंज से दरोगा सरोज, घोसी से राजीव राय, गाजीपुर से अफजाल अंसारी, आजमगढ़ से धर्मेंद्र यादव, चंदौली से वीरेंद्र सिंह और मिर्जापुर से आरएस बिंद को टिकट दिया है। भदोही सीट से टीएमसी के ललितेशपति त्रिपाठी चुनाव मैदान में हैं। बलिया, सलेमपुर, जौनपुर, मछलीशहर और रॉबट्र्सगंज सीट पर सपा ने अपने पत्ते अभी नहीं खोले हैं।

भाजपा : गाजीपुर, भदोही, मछलीशहर और राबर्ट्सगंज सीट पर उम्मीदवार घोषित नहीं
सपा : सलेमपुर, जौनपुर, मछलीशहर और राॅबर्ट्सगंज सीट पर प्रत्याशी घोषित नहीं
बसपा : पूर्वांचल की सभी 13 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का एलान होना बाकी

मोदी लहर में 15 प्रत्याशियों की हुई थी जमानत जब्त
2014 के लोकसभा चुनाव में आजमगढ़ संसदीय सीट से सपा के मुलायम सिंह यादव, भाजपा के रमाकांत यादव, बसपा के शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली और कांग्रेस के अरविंद जायसवाल ही अपनी जमानत बचा पाए थे। शेष 15 प्रत्याशियों की जमानत तक जब्त हो गई थी। मुलायम को 3,40,306 मत मिले थे, जो कुल पड़े वोटों का 19.98 प्रतिशत था। वहीं भाजपा के रमाकांत यादव को 2,77,102 मत प्राप्त हुए थे, जो कुल वोटों का 16.27 प्रतिशत था। जबकि बसपा के शाह आलम को 2,66,528 मत मिले थे, जो कुल वोटों का 15.65 प्रतिशत रहा। कांग्रेस के अरविंद जायसवाल को 17,950 मत प्राप्त हुए थे, जो कुल वोटों का 1.05 प्रतिशत रहा।

2014 में नौ प्रत्याशियों को नोटा से भी कम वोट पड़े
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में बलिया सीट पर 9 प्रत्याशियों को नोटा से भी कम मत मिले थे। तब नोटा पर 6670 वोट पड़े थे। इस चुनाव में 15 उम्मीदवार मैदान में थे। नोटा से कम वोट पाने वालों में आम आदमी पार्टी समेत कई पंजीकृत दलों के उम्मीदवार और निर्दलीय शामिल थे।

 

2014 के चुनाव में बलिया लोकसभा सीट पर 53.3 प्रतिशत वोट पड़े थे। इस चुनाव में 15 उम्मीदवारों ने किस्मत आजमाई थी, जिसमें भाजपा के भारत सिंह 3,59,758 मत पाकर जीतने में कामयाब रहे। जबकि तब समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार नीरज शेखर 2,20,324 मत पाकर उपविजेता रहे। 

 
विज्ञापन

इसके अलावा कौमी एकता दल के टिकट पर चुनाव लड़े अफजाल अंसारी 1,63,943, बसपा के वीरेंद्र पाठक को 1,41,684 वोट मिले थे। जबकि कांग्रेस की सुधा राय अपनी जमानत बचाने में भी विफल रहीं और उनको को 13,501 मत मिले थे। इसके अलावा एक निर्दलीय उम्मीदवार मनोज 6,833 वोट पाकर नोटा से आगे रहा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें