वाराणसी के अस्सी पर रहने वाले पुराने कांग्रेस नेता संपूर्णानंद तिवारी से प्रियंका ने आशीर्वाद लिया। संपूर्णानंद तिवारी से आशीर्वाद लेने के लिए प्रियंका गांधी रथ से नीचे उतरीं। इस दौरान संपूर्णानंद तिवारी के पांच साल के दर्द को प्रियंका ने देखा और पैर छूकर लिया आशीर्वाद।
इस दौरान संपूर्णानंद तिवारी बोले कि कांग्रेस जो भूल गई थी उसको प्रियंका गांधी ने फिर जिंदा किया है। प्रियंका गांधी के रोड शो के दौरान गोदौलिया चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने 'मोदी-मोदी' के नारे लगाए। पुलिस ने युवकों को पीट कर हटाया। प्रियंका गांधी का रोड शो जैसे ही पांडेय हवेली पहुंचा वैसे ही भीड़ बेकाबू हो गई।
प्रियंका गांधी से मिलने के लिए लोग सुरक्षा घेरा तोड़ने पर उतारू हो गए। भीड़ को काबू करने में पुलिस के पसीने छूट गए। प्रियंका गांधी का काफिला गोदौलिया पहुंचते ही काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा कराने की तैयारियां शुरू हो गई।
प्रियंका गांधी ज्ञानवापी की तरफ से काशी विश्वनाथ का दर्शन करने पहुंची। उनका स्वागत डमरू दल से हुआ। गर्भ गृह में पूजा करने के बाद प्रियंका ने कालभैरव मंदिर में भी पूजा अर्चना की और कांग्रेस की जीत की कामना की।