मदनपुरा में ही पूर्व सांसद राजेश मिश्रा के नेतृत्व में मुस्लिम लोग पुष्प वर्षा करेंगे। रोड शो में प्रधानमंत्री का अपनी माँ की पैर छूते हुए तस्वीर भी दिखाई देगी। रोड शो के मार्ग पर काशी की विभूतियों की तस्वीर भी कई स्थानों पर देखने को मिलेगी। इनमें वे लोग होंगे, जिनकी कर्म या जन्मभूमि काशी रही है। इसमें काशी नरेश, पंडित मदन मोहन मालवीय, बिस्मिल्लाह खां, पंडित किशन महाराज, तुलसीदास, कबीर दास, संत रैदास आदि लोगों की तस्वीर होगी।
रोड शो के रास्ते पर कुछ स्थानों पर काशी के विकास की नई तस्वीर के साथ पुरानी तस्वीर भी दिखाई देगी, जिसमें प्रमुख रूप से काशी विश्वनाथ मंदिर, रेलवे स्टेशन आदि होगा। साथ ही विकास के नए कामों की भी तस्वीर रोड शो में देखने को मिलेगी। इसमें टीएफसी, रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, कैंसर अस्पताल आदि होगा। रोड शो में 5 हज़ार से अधिक संख्या में मातृशक्ति दिखेंगी, जो पूरे रोड शो में साथ चलेंगी। साथ ही खिलाड़ी भी रहेंगे।
रोड शो के बाद प्रधानमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करके बाबा से भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए आशीर्वाद लेंगे। रात में बीएलडब्ल्यू में बुद्धिजीवियों के साथ मिलने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री 14 मई को काशी कोतवाल बाबा काल भैरव का दर्शन और उनकी अनुमति लेने के बाद नामांकन करेंगे। नामांकन में कई प्रदेशों के मुख्यमंत्री, मंत्री और विशिष्ट लोगों के रहने की संभावना है। इसके बाद अंतर्राष्ट्रीय रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी प्रस्तावित है।