काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र का दायरा बढ़ाने और खुला वातावरण मुहैया कराने के लिए गंगा तट से मंदिर तक के भवनों को सूचीबद्ध करने के विरोध में हस्ताक्षर अभियान शुरू हो गया है। मंदिर से लगे मुहल्लों के लोग भवनों के अधिग्रहण की चर्चा से परेशान हैं।
मंगलवार को कई इलाकों में नागरिकों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया। उनका कहना है कि इस मामले में मनमानी नहीं होने दी जाएगी। हस्ताक्षरित ज्ञापन प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय में दिया जाएगा।
बाबा विश्वनाथ को गंगा से मिलाने की योजना का विरोध शुरू हो गया है। तीर्थपुरोहित सभा के महामंत्री पं. कन्हैया त्रिपाठी ने मंगलवार को कहा कि विश्वनाथ मंदिर विस्तार की आड़ में प्रशासन गंगा से लगे इलाके के निवासियों को उजाड़ने पर तुला हुआ है।
इसके विरोध में मीर घाट, लाहौरी टोला, त्रिपुरा भैरवी, मणिकर्णिका के लोग खडे़ हो गए हैं। इस मामले को पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखा जाएगा।
सामाजिक कार्यकर्ता विकास यादव, सुनील मेहरोत्रा, कृष्ण कुमार शर्मा, पुनीत धवन, जितेंद्र सेठ, शशिधर इस्सर ने बताया कि विश्वनाथ मंदिर न्यास को अधिग्रहण के बीते 35 वर्षों में मंदिर की आय और व्यय का ब्यौरा सार्वजनिक करना चाहिए।
उनका कहना था कि अब तक मंदिर प्रशासन की ओर से नागरिकों की सुविधा के लिए स्कूल, अस्पताल या अन्य लोकोपयोगी एक भी योजनाएं नहीं चलाई जा सकी हैं। अलबत्ता मंदिर परिसर के विस्तार के नाम पर सिर्फ नागरिकों को परेशान किया जा रहा है।