उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक मासूम की पानी भरे बाल्टी में गिरने से मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल में ले जाने के बाद डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
सैयदराजा थाना अंतर्गत स्थानीय नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार दीनदयाल दीनदयाल नगर निवासी राजू पेंटर की पुत्री अंजना (डेढ़ वर्ष) सोमवार की सुबह नौ बजे घर में खेल रही थी। समीप ही पानी भरी बाल्टी रखी हुई थी। खेलते-खेलते अंजना असंतुलित होकर बाल्टी में गिर गई। इससे मासूम की मौत हो गई।
बगल में खेल रही बड़ी बहन ने देखा तो शोर मचाया। शोर सुनकर परिवार लोग पहुंचे और स्थिति देख कर सबके होश उड़ गए। सूचना पाकर बाजार से वापस लौटे पिता ने अंजना को निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में परिवार वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।