विधानसभा चुनाव के मद्देनजर होने वाले व्यय के लेखाजोखा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश विशेष व्यय प्रेक्षक बीआर बालकृष्ण ने रविवार को अधिकारियों को दिया है। सर्किट हाउस में बैठक में प्रेक्षक ने लीड बैंक मैनेजर को बैंकों के सभी संदिग्ध लेन देन पर विशेष नजर रखने को कहा है।
निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त विशेष व्यय प्रेक्षक को जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने विशेष व्यय प्रेक्षक को निर्वाचन व्यय लेखा के प्रगति के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। सहायक व्यय प्रेक्षकों ने भी अब तक के प्रगति के बारे में बताया। इस दौरान कुछ सहायक व्यय प्रेक्षकों ने सोशल मीडिया पर हो रहे प्रचार प्रसार के संकलन को लेकर आने वाली व्यवहारिक परेशानी की जानकारी दी। विशेष व्यय प्रेक्षक ने बैठक में जीएसटी, इंफोर्समेंट एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों से कार्रवाई की जानकारी ली और सोशल मीडिया के नोडल अधिकारी को सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया।
शिकायत प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी से सीविजिल एप एवं कंट्रोल रूम के टेलीफोन नंबर से प्राप्त होने वाली शिकायतों के संबंध में विस्तार से जानकारी लेते हुए प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता पर निस्तारण सुनिश्चित कराए जाने का निर्देश दिया। बैठक में व्यय प्रेक्षक पशुपति नाथ पांडेय, उमेश अग्रवाल, सुशांत कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।