पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की स्मृति में बनारस में बन रहे स्मारक व संग्रहालय का लोकार्पण गुरुवार को राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। प्रदेश के संस्कृति मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रहेंगे। इसके अलावा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
गुरुवार को सुबह 11 बजे लोकार्पण समारोह पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री के पैतृक आवास पर होगा। उनके आगमन से पूर्व अधिकारियों ने मंगलवार को पूर्व पीएम के पुत्र सुनील शास्त्री के साथ कार्य स्थल का निरीक्षण किया।
पढ़ें: बनारस में बन रहा वॉर रूम, सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे लोकार्पण
डीएम सुरेंद्र सिंह, एसएसपी आनंद कुलकर्णी, क्षेत्रीय संस्कृति अधिकारी सुभाष यादव समेत सभी अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री के पुत्र से कार्यक्रम के बारे में बात की।
सीएम लोकार्पण के साथ पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद पीएन कॉलेज में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इधर स्मारक तैयार करने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।
पूर्व प्रधानमंत्री के आवास में रखे जेनरेटर सेट को परिसर से हटाकर सामने के एक कुएं पर शिफ्ट कर दिया गया। स्मारक में पूर्व पीएम से जुड़ी चीजों को कल तक सजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के रामनगर आगमन पर यहां के लोगों में काफी उत्साह है।