30 जून को मुखबीर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी पति अर्जुन सिंह उर्फ बंटू को कुरू चौराहे से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी पति ने बताया कि पत्नी रूमन आए दिन मुझसे लड़ाई-झगड़ा करती थी। खाना बनाकर नहीं देती थी। जिससे तंग आकर पत्नी की हत्या की साजिश रची। अपने दोस्त दीपक गुप्ता निवासी जफ्तापुर थाना सराय ख्वाजा जनपद जौनपुर के यहां गया और उससे मदद मांगी।
तब दीपक गुप्ता के दोस्त चंदू उर्फ चंद्रकेश यादव ने कहा कि तुम अपनी पत्नी को लेकर यहां आटा चक्की पर आ जाओ। साजिश के तहत अर्जुन आजमगढ़ पहुंचा। पांच जून को घर जाने की बात कही और पत्नी को साथ लेकर निकला। जौनपुर के जफ्तापुर स्थित दीपक गुप्ता की आटा चक्की के पास पहुंचा तो चाय-पानी पीने के बहाने रूक गया।
घटना की जानकारी देते एसपी ग्रामीण सूर्यकांत त्रिपाठी
- फोटो : अमर उजाला
वहां पहले से मौजूद दीपक और चंदू ने बहाने से रूमन को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी। शव को आटा चक्की से कुछ दूरी पर स्थित कुएं में फेंक दिया। आरोपी के बयान के आधार पर कपसेठी पुलिस ने सरायख्वाजा पुलिस से संपर्क साधा।
सरायख्वाजा पुलिस के अनुसार 16 जून को सूचना मिली कि कुएं से भयंकर बदबू आ रही है। तब मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को बाहर निकलवाया। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कपसेठी पुलिस ने अर्जुन सिंह और उसके दोस्त दीपक गुप्ता को गिरफ्तार किया। चंद्रकेश यादव फरार है।