फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंडियन लेडीज क्रिकेट लीग में अक्षय ने की बल्लेबाजी

Thu, 15 Sep 2016 02:22 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
विज्ञापन
फिल्म जॉली एलएलबी- टू की शूटिंग के दूसरे दिन बुधवार को सिने स्टार अक्षय कुमार बल्लेबाजी करते नजर आए। चेतसिंह किला परिसर में पिच पर उतरने के बाद उन्होंने छक्के, चौके की बारिश कर दी। इससे पहले शिवाला घाट पर उन्होंने गंगा में डुबकी लगाई। घाटों से गलियों से लेकर शूटिंग स्थल तक प्रशंसकों की भीड़ उनकी झलक पाने के लिए उतावली नजर आई।
विज्ञापन



शिवाला घाट पर सुबह ही शूटिंग शुरू हो गई। नाव पर अक्षय कुमार और संजय मिश्रा के बीच संवाद की शूटिंग के दौरान फिल्म में वकील का किरदार निभा रहे अक्षय कहते हैं कि चलो हम भी पाप काट लें। गंगा नहा लें। फिर क्या था, उन्होंने झटपट डुबकी लगा दी। इसके बाद फिल्म यूनिट चेतसिंह किला परिसर में पहुंची, जहां पहले से पिच तैयार थी। यहां इंडियन लेडीज लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में घूंघट -11 और बुरका-11 के बीच मैच हुआ। बनारसी अंदाज में कमेंट्री भी हुई और सट्टेबाजों ने सट्टा भी लगाया।


घुंघट-11 की कप्तान अंतरराष्ट्रीय एथलीट नीलू मिश्रा थीं। इनकी टीम में निहारिका, सुगंधा, दीपा, रूबी, सुलेखा, छवि, तनु, रुचि, निक्की, निशा थीं। जबकि बुरका-11 टीम की कप्तान अंजलि चांदरानी को बनाया गया था। इस टीम में नेहा, कीर्ति, वर्षा, सीमा, पूजा, सौम्या, हेमा, श्वेता, रोली, पूजा जायसवाल शामिल थीं। चेतसिंह किला परिसर में अक्षय कुमार से हाथ मिलाने और हाटोग्राफ लेने उमड़ी प्रशंसकों की भीड़ से उनके अंगरक्षकों ने धक्कामुक्की की। इस दौरान अक्षय कुमार ने खुद हस्तक्षेप किया। उन्होंने बाउंसरों को हिदायत दी कि कोई प्रशंसकों को हाथ न लगाए।
विज्ञापन



अपनी फिल्म जॉली एलएलबी-2 की शूटिंग के लिए वाराणसी के घाटों पर एक्शन दिखा रहे बालीवुड के ‘रुस्तम’ अक्षय कुमार की बुधवार को मुलाकात ‘रोलेक्स बाबा’ से हो गई। अक्षय रोलेक्स बाबा से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने उनका करीब डेढ़ मिनट का वीडियो इंटरव्यू ले डाला और उसे ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर शेयर किया। अक्षय ने ट्विटर पर लिखा, ‘विभिन्न क्षेत्रों से जुडे़ मजेदार लोगों से मिलने का नाम जिंदगी है। आज मिलिए काशी के लाल बाबा उर्फ रोलेक्स बाबा से।’


अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने इंटरव्यू के दौरान लाल बाबा से पूछा कि वे कहां के रहने वाले हैं और कब से यहां रहते हैं ? इस पर लाल बाबा ने बताया कि वे मूल रूप से बिहार के निवासी हैं लेकिन अब वे घाट पर ही रहते हैं। लाल बाबा ने बताया कि वे करीब 80 साल के हैं। अक्षय ने उनसे काशी के बारे में कुछ बताने को कहा तो लाल बाबा ने बताया कि यहां लोग दान करने आते हैं। इस बीच अक्षय की नजर वहां लाल बाबा के पास रखी रोलेक्स घड़ी पर पड़ी। अक्षय ने जब रोलेक्स घड़ी के बारे में पूछा तो लाल बाबा ने बताया कि यह उन्हें दान में मिली है। अक्षय लाल बाबा से बहुत प्रभावित हुए और इंटरव्यू खत्म कर उनसे हाथ मिलाया। बता दें कि स्विट्जरलैंड में बनी रोलेक्स घड़ियों की शुरुआती कीमत भारत में करीब डेढ़ लाख रुपये है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें