यूपी के वाराणसी में महिला दरोगा को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है। 20 हजार रुपये घूस लेते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पकड़ी गई महिला दरोगा ने दहेज उत्पीड़न के एक आरोपी का नाम हटाने के लिए एक लाख रुपये मांगे थे।
दरोगा गीता यादव को शिवपुर क्षेत्र के भरलाई से एसीबी की टीम ने गिरफ्तार किया। गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना के कौड़ीराम की निवासिनी दरोगा गीता के खिलाफ शिवपुर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने के बाद उसे पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
शिवपुर थाना क्षेत्र के भरलाई निवासी अभिषेक पाठक कैंट रेलवे स्टेशन पर टीटीई पद पर हैं। अभिषेक की पत्नी पूजा बीते तीन साल से मायके में रहती है। पूजा ने अभिषेक, उनकी बहन और मां के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट सहित अन्य आरोपों में बीते 27 जून को मुकदमा दर्ज कराया था।
मामले की जांच दरोगा गीता यादव को सौंपी गई थी। अभिषेक ने बताया कि दरोगा गीता यादव उनके घर आई थी और सभी को जेल भेजने की धमकी दी थी।