अजीत हत्याकांड में पूछताछ के लिए रिमांड लेकर पहुंची लखनऊ पुलिस शुक्रवार को कुख्यात ध्रुव कुमार सिंह कुंटू को अपने साथ ले गई। अजीत हत्याकांड में कुंटू सिंह के साथ ही अखंड प्रताप को भी नामजद किया गया है। अखंड को कुछ दिनों पहले बरेली जेल स्थानांतरित कर दिया गया था। पूछताछ में लखनऊ पुलिस कुंटू से अजीत हत्याकांड के बारे में जानकारी एकत्र करेगी।
लखनऊ में मोहम्मदाबाद गोहना के पूर्व ज्येष्ठ उप ब्लाक प्रमुख अजीत सिंह की हत्या में कुंटू और अखंड के साथ ही गिरधारी उर्फ डाॅक्टर को भी नामजद किया गया था। पुलिस का दावा था कि हत्याकांड की साजिश कुंटू और अखंड ने आजमगढ़ जेल में ही रची थी। लखनऊ पुलिस के आवेदन पर कोर्ट ने कुंटू सिंह की रिमांड 29 जनवरी से एक फरवरी तक के लिए मंजूर की थी। वरिष्ठ जेल अधीक्षक आरके मिश्र ने बताया कि लखनऊ पुलिस कुंटू को अपने साथ ले गई है। कड़ी सुरक्षा के बीच उसे भेजा गया। कुंटू सगड़ी के पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू की हत्या के मामले में आजमगढ़ जेल में निरुद्ध है।