प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि सौ रुपए का पेट्रोल, 90 रुपए डीजल, एक हजार का सिलेंडर मिल रहा है। बेरोजगारी चरम पर है। जनता दुखी और त्रस्त है। आप इन परेशानियों से गुजर रहे हैं संघर्ष कर रहे हैं वहीं पीएम के खरबपति मित्र रोजाना हजारों करोड़ कमा रहे हैं। कोरोना काल में रोजगार बंद हुआ लेकिन सरकार ने राहत नहीं दी।
देश के हवाई अड्डे, रेलवे अपने मित्रों को सौंप दिए। पीएम ने अपने लिए दो हवाई जहाज खरीदे। एक हवाई जहाज आठ हजार करोड़ का और अपने दोस्त को फायदा पहुंचाने के लिए देश की एयर इंडिया को 18 हजार करोड़ में बेच दिया। कहा कि बिजली नहीं मिल रही है, फिर भी बिजली के बिल मिल रहे हैं, क्या पीएम ने ये देखा है? खेती किसानी के सामानों पर भी सरकार ने जीएसटी लगाया है। क्या किसोनों की परेशानियों को पीएम ने देखा है।
किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए प्रियंका ने कहा कि इतने दिनों में अबतक 600 किसानों की मौत हुई। अभी भी आंदोलन जारी है क्योंकि किसानों को पता है कि हमारे फसल की कीमत उचित नहीं मिलेगी। उन्हें पता है कि कृषि कानूनों से सबकुछ पूंजीपतियों के हाथ में चला जायेगा। पीएम मोदी जी ने आंदोलन कर रहे किसानों को आंदोलनजीवी और आतंकी कहा।
इतना ही नहीं, यूपी के सीएम योगी ने किसानों को उपद्रवी कहा। कांग्रेस नेता ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव जो मनाया जा रहा है वो आजादी हमें किसानों ने दिया है। किसान के बेटों ने दिया है। कहा कि सरकार में न दलित सुरक्षित हैं, न अल्पसंख्यक सुरक्षित हैं, न महिला सुरक्षित हैं, न नौजवान सुरक्षित हैं। इस देश में केवल प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और उनसे जुड़े लोग और उनके खरबपति मित्र सुरक्षित हैं।
प्रियंका ने कहा कि अपने अंतर्मन में झांकिए। खुद से एक सवाल पूछिए क्या इन सात सालों में आपके जीवन में तरक्की आई, विकास आपके दरवाजे पर आया। अगर सवालों का जवाब नहीं है तो आइए मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर सरकार को बदलिए। जो आपको आतंकवादी कहते हैं उनको न्याय देने के लिए मजबूर कीजिए। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता किसी से नहीं डरते हैं। हमें जेल में डालिये, कुचलिए लेकिन जबतक न्याय नहीं मिलेगा हम लड़ते रहेंगे, लड़ते रहेंगे, लड़ते रहेंगे।
प्रियंका गांधी ने कहा कि बात अब चुनाव की है। अब देश को बचाने की बात है। कहा कि देश नष्ट हो रहा है, इसको पहचानिए। सच्चाई बोलने से क्यों डर रहे हैं। समय आ गया है अब। ये देश आपका देश है। इस देश को कौन बचाएगा? आप किसान हो , इस देश की आत्मा हो। जो आपको आंदोलनकारी कहते है उनको न्याय के लिए विवश कीजिए।