वाराणसी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रांडिंग की वजह से पूर्वांचल के खादी ग्रामोद्योग को जबरदस्त बूम मिला है। एक वर्ष में एक तिहाई से ज्यादा की बढ़ोतरी की उम्मीद खादी ग्रामोद्योग कर रहा है।
बनारस मंडल के 12 जिलों में पिछले वित्तीय वर्ष में कुल 90 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। चालू वित्तीय वर्ष में इसके 124 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है। पूर्वांचल के खादी ग्रामोद्योग से जुड़ी छह बड़ी इकाइयों को सक्रिय करने के लिए आगामी दिनों में पांच करोड़ रुपये का निवेश कर उत्पादन बढ़ाने की कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है।
खादी वस्त्र नहीं विचार है... इस सूत्र वाक्य के रचयिता महात्मा गांधी का मंगलवार को 150वां जन्मदिवस है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खादी कुर्ते और जैकेट के कारण उनके संसदीय क्षेत्र के साथ ही आसपास के 11 अन्य जिलों में भी खादी उत्पादों की बिक्री में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। बनारस में चार हजार परिवार खादी ग्रामोद्योग से जुड़े हैं। वहीं, बनारस मंडल के 12 जिलों में खादी ग्रामोद्योग से 20 हजार लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं।
खादी ग्रामोद्योग के बनारस मंडल के निदेशक बलधारी सिंह को कहना हैं कि हमारा यह प्रयास है कि ग्राम्यांचल में खादी रोजगार का एक बड़ा जरिया बने। इसके लिए उत्पादन इकाइयों की संख्या बढ़ाकर ज्यादा से ज्यादा ग्रामीणों को इससे जोड़ने का प्रयास जारी है।