गंगा से काशी विश्वनाथ मंदिर तक बनाए जा रहे कॉरिडोर के लिए 296 भवन और भूखंड खरीदे जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट बैठक में इन भवनों की खरीदारी के लिए 413.1096 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद दूसरे चरण के 130 मकान व भूखंडों को खरीद का रास्ता साफ हो गया है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कॉरिडोर की कार्ययोजना वाराणसी दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वापस जाते समय बाबतपुर एयरपोर्ट पर सौंपी थी।
पढ़ेंः
काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर का नक्शा तैयार, 4 चरणों में होगा निर्माण, यहां से शुरू होगा काम
25 हजार वर्ग मीटर में तैयार हो रहे कॉरिडोर के लिए प्रथम चरण में 166 मकान खरीदने की आवश्यकता बताई गई थी। उस वक्त इन भवनों की खरीद के लिए 190 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया था। बाद में सर्वे कराए जाने पर कॉरिडोर का हिस्सा बनाने के लिए 130 और भवन और भूखंड भी चिह्न्ति किए गए।
ऐसे में मंदिर प्रशासन की ओर से 130 भवनों की खरीद के लिए शासन से मंजूरी मांगी गई थी। इसमें अब इन भवनों की खरीद के लिए 413 करोड़ से ज्यादा खर्च किया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि इन भवनों की खरीद के लिए बजट जल्द जारी किया जाएगा। इनकी खरीद प्रक्रिया तेज हो जाएगी। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि कॉरिडोर के लिए भूमि और भवनों सहमति के आधार पर खरीदा जाएगा।