श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में शनिवार दोपहर दर्शन-पूजन को आए दो श्रद्धालु गर्मी के कारण अचेत होकर गिर गए। इसमें से एक श्रद्धालु की मौत हो गई वहीं दूसरी महिला श्रद्धालु को गंभीर अवस्था में मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अचानक हुई इस घटना से श्रद्धालुओं में अफरातफरी की स्थिति मच गई।
आंध्रप्रदेश के अल्लापार्ती चंद्रबोस (75) काशी दर्शन और बाबा विश्वनाथ के पूजन के लिए परिजनों संग आए थे। शनिवार को बाबा का दर्शन करने के बाद मां अन्नपूर्णा के दर्शन के लिए जा रहे थे। अचानक वो अचेत होकर गिर गए। आसपास के लोग और सुरक्षाकर्मियों ने उनको संभालने का प्रयास किया।
परिजनों ने पहले तो पानी छिड़ककर होश में लाने की कोशिश की लेकिन जब कोई हरकत नहीं हुई तो वह चिल्लाने लगे। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत एम्बुलेंस से मंडलीय चिकित्सालय पहुंचाया जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।