काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 दिसंबर को मंदिर चौक में देशभर के प्रमुख संतों और प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी के साथ मंच पर श्रीश्री रविशंकर और जग्गी वासुदेव भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय से 13 दिसंबर के कार्यक्रम की सहमति मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 14 व 15 दिसंबर के कार्यक्रमों में पीएम मोदी की मौजूदगी पर पीएमओ की मंजूरी का इंतजार है।
सुरसरि से काशीपुराधिपति के भव्य दरबार के एकाकार उत्सव को विश्वव्यापी बनाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। 13 दिसंबर की सुबह से ही दुनियाभर के मंदिरों और मठों में काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण का सजीव प्रसारण किया जाएगा। इसमें देश के प्रमुख शैव संप्रदाय से जुड़े पीठाधीश्वर को आमंत्रित किया जाएगा। इसमें तमिलनाडु के अधिनाम, कर्नाटक के लिंगायत व वीरशैव और उत्तर के सभी अखाड़ों को शामिल करने की तैयारी है।
इसके साथ ही प्रदेश के सभी शिवालयों में सजीव प्रसारण के साथ ही प्रसाद वितरण कराया जाएगा। प्रत्येक शहर में सजीव प्रसारण वाले स्थलों पर धर्माचार्यों को शामिल किया जाएगा। पीएम मोदी अनुष्ठान के मुख्य यजमान होंगे और सबसे पहले गंगाजल से बाबा का अभिषेक करेंगे।