काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन वाराणसी में रहेंगे। इस दौरान पूरे प्रदेश में भले ही बिजली चली जाए, लेकिन बनारस में नहीं जाएगी। अगर किसी बिजली घर से उत्पादन अचानक कम भी होता है तो अन्य शहरों में कटौती की जाएगी। प्रधानमंत्री 13 दिसंबर को वाराणसी आ रहे हैं।
दौरे को लेकर सभी विभागों की ओर से तैयारियां लगभग पूरी कर ली गईं हैं। जब तक पीएम वाराणसी में रहेंगे, शहर पूरी तरह से कटौती मुक्त रहेगा। लखनऊ मुख्यालय को पत्र भेजा जा चुका है। नगरीय विद्युत वितरण मंडल द्वितीय के अधीक्षण अभियंता दीपक अग्रवाल ने बताया कि अगर किसी कारणवश लोड शेडिंग करने की नौबत आती है तो किसी भी हाल में वाराणसी की कटौती नहीं की जाएगी।
अतिरिक्त बिजली की मांग नहीं
बिजली घरों में खराबी आती है और कटौती करनी पड़ती है तो ग्रिड बचाने के लिए पूरे प्रदेश में आपातकाल कटौती की जाती है। प्रधानमंत्री के काशी दौरे के दौरान पूरे शहर को रंग बिरंगी झालरों से सजाया जाएगा। कई चौराहों पर सजावट कर भी दी गई है।
हालांकि, बिजली विभाग की ओर से खपत को लेकर अतिरिक्त मांग नहीं की गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ठंड के कारण मांग वैसे भी काफी कम हो जाती है। कई बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान व संस्थान जेनसेट के माध्यम से सजावट करते हैं।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ धाम का काम पूरा: 33 महीने बाद थमा मशीनों का शोर, 13 को पीएम करेंगे लोकार्पण, जानें खास बातें